नगर निगम के 374.62 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट को मिली हरी झंडी

आधारभूत संरचना पर 255 करोड़ से अधिक खर्च का प्रावधान, 2045 की आबादी को ध्यान में रखकर तैयार हो रहा मास्टर प्लानमास्टर प्लान का भी हुआ प्रेजेंटेशन, निगम क्षेत्र को स्मार्ट सिटी में बनाने की तैयारी

सासाराम नगर. नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट बोर्ड की बैठक में ध्वनिमत से पारित कर दिया. शनिवार को निगम सभागार में मेयर काजल कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बजट पर विस्तार से चर्चा की गयी. निगम का बजट 374.62 करोड़ रुपये का तैयार किया गया है. इसमें कुल खर्च का अनुमान 371.18 करोड़ रुपये रखा गया है. स्थापना व अन्य राजस्व व्यय पर लगभग 115.65 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि आधारभूत संरचना व अन्य विकास कार्यों पर पूंजीगत व्यय के रूप में करीब 255.52 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. आय के मद में निगम ने होल्डिंग टैक्स से 12 करोड़ रुपये, निबंधन विभाग से मिलने वाले दो प्रतिशत टैक्स से करीब 14 करोड़ रुपये, निगम की दुकानों से लगभग 66.10 लाख रुपये, शुल्क व यूजर चार्ज से करीब 5.67 करोड़ रुपये प्राप्त होने का अनुमान जताया है. केंद्र व राज्य सरकार से पूंजीगत अनुदान के रूप में करीब 56.15 करोड़ रुपये और राजस्व अनुदान से लगभग 69.95 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है. मेयर काजल कुमारी ने कहा कि निगम क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है. इसमें सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है. विस्तारित क्षेत्रों को पुराने वार्डों की तरह विकसित करने के लिए आधारभूत संरचना पर अधिक राशि का प्रावधान किया गया है. स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ा शहर नगर निगम के लिए मास्टर प्लान व जीआइएस आधारित प्रोपर्टी सर्वे तैयार किया जा रहा है. बोर्ड बैठक में इसकी समीक्षा की गयी. यह प्लान वर्ष 2045 तक की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है. बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुति दी गयी, जिसमें शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की रूपरेखा शामिल है. प्लान में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, ड्रेनेज सिस्टम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, ट्रांसपोर्ट, ट्रैफिक, पर्यटन स्थल, सौंदर्यीकरण, वाटरफॉल, डैम, मकबरों व धार्मिक स्थलों के विकास का प्रस्ताव है. नगर आयुक्त विकास कुमार ने कहा कि शहर की रीढ़ उसकी ट्रैफिक व्यवस्था होती है. व्यवस्था सुगम होने से व्यापारियों को सुविधा होगी, जो निगम की आय का प्रमुख स्रोत हैं. मास्टर प्लान में इस पर विशेष ध्यान दिया गया है. पर्यटकों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जा रही है. शहर में विकास कार्य इसी प्लान के अनुरूप किये जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >