रोहतास: 55 करोड़ के मॉडल अस्पताल में शुरू हुआ इलाज, डिजिटल स्क्रीन पर मिलेगी डॉक्टरों और दवाओं की पूरी जानकारी

रोहतास में 55 करोड़ रुपये की लागत से बने 200 बेड के मॉडल अस्पताल में सोमवार से स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत हो गई है. डिजिटल स्क्रीन पर डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी.

Rohtas News : सदर अस्पताल परिसर में 55 करोड़ रुपये की लागत से बने 200 बेड के मॉडल अस्पताल में सोमवार से स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत हो गई. जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन और नगर आयुक्त विकास कुमार ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया. नए मॉडल अस्पताल के शुरू होने से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.

11 महीने बाद शुरू हुआ मरीजों का इलाज

खास बात यह है कि इसी भवन का उद्घाटन 10 अगस्त 2025 को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने किया था. लेकिन जरूरी संसाधनों और तकनीकी तैयारियों के अभाव में करीब 11 महीने तक यहां मरीजों का इलाज शुरू नहीं हो सका था. स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां पूरी करने के बाद अब अस्पताल को मरीजों के लिए खोल दिया गया है.

पुराने भवन पर कम होगा मरीजों का दबाव

नया मॉडल अस्पताल शुरू होने से सदर अस्पताल के पुराने भवन में मरीजों की भीड़ कम होगी. गंभीर मरीजों को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस वार्ड और बेहतर इलाज व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी. हालांकि, अभी कुछ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है.

एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई स्वास्थ्य सुविधाएं

जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि मॉडल अस्पताल के शुरू होने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी. अस्पताल में मरीजों को जांच और इलाज की बेहतर सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि एक्स-रे सेवा जल्द शुरू कर दी जाएगी.

डायलिसिस और एसएनसीयू समेत कई यूनिट होंगी संचालित

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मॉडल अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, एसएनसीयू सहित कई महत्वपूर्ण वार्ड तैयार कर दिए गए हैं. अस्पताल की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा गार्डों की भी तैनाती कर दी गई है. विभाग का कहना है कि बाकी सेवाएं भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी.

डिजिटल स्क्रीन बताएगी डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता

मॉडल अस्पताल की सबसे खास सुविधा डिजिटल सूचना प्रणाली होगी. अस्पताल परिसर में 90 और 45 इंच की डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी. इन स्क्रीन पर डॉक्टरों की उपलब्धता, ओपीडी का समय, वार्डों की जानकारी, उपलब्ध दवाओं की सूची और केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रसारित की जाएगी. इससे मरीजों और परिजनों को जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा.

आसपास के जिलों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ

सिविल सर्जन ने बताया कि गठित टीम के अंतिम निरीक्षण के बाद अस्पताल को संचालन के लिए तैयार किया गया है. जल्द ही सभी विभागों को नए भवन में स्थानांतरित करने की योजना है. इससे रोहतास के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

जनरेटर और तकनीकी व्यवस्था बनी चुनौती

अस्पताल में नए जनरेटर की खरीद का टेंडर रद्द होने के कारण फिलहाल पुराने सदर अस्पताल के जनरेटर से बिजली आपूर्ति की जा रही है. वहीं कुछ वार्डों और तकनीकी संसाधनों को अंतिम रूप देने का काम अभी जारी है. जिला प्रशासन का कहना है कि सभी सुविधाएं पूरी क्षमता के साथ शुरू होने के बाद मॉडल अस्पताल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >