रोहतास में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे मिलेगी पढ़ाई में मदद, शुरू हुआ ‘बिहार विद्या साथी’

बिहार के 700 मॉडल विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए 24x7 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म 'बिहार विद्या साथी' की शुरुआत की गई है।

Rohtas News : बिहार के विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं और सवालों का समाधान अब डिजिटल माध्यम से तत्काल मिल सकेगा. सोमवार को राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ नामक 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस शैक्षणिक पहल का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की.

रोहतास के अधिकारी और छात्राएं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े

इस कार्यक्रम से रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा तथा शेरशाह सूरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा व्यक्तिगत सहयोग

‘बिहार विद्या साथी’ को खास तौर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताब और कक्षा तक सीमित रखने के बजाय जरूरत के समय व्यक्तिगत शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है. विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार विषय से जुड़ी समस्या पूछ सकेंगे और उसका समाधान प्राप्त कर सकेंगे.

24 घंटे निःशुल्क मिलेंगे विषय विशेषज्ञ शिक्षक

प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थियों को 24 घंटे निःशुल्क विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की सहायता उपलब्ध होगी. विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार शिक्षक से पढ़ाई से संबंधित सहयोग ले सकेंगे. किसी पाठ को समझने में परेशानी होने या सवाल पर अटकने की स्थिति में तत्काल समाधान पाने की सुविधा मिलेगी.

AI से कठिन विषयों को समझना होगा आसान

ऑनलाइन पढ़ाई के साथ AI आधारित शैक्षणिक सहायता भी उपलब्ध होगी. इसके जरिए कठिन विषयों और जटिल अवधारणाओं को आसान तरीके से समझने में विद्यार्थियों को मदद मिलेगी. 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग व्यवस्था से हर विद्यार्थी की व्यक्तिगत सीखने की जरूरत पर भी ध्यान दिया जा सकेगा.

ग्रामीण विद्यार्थियों को भी मिलेगा फायदा

अधिकारियों के अनुसार, ‘बिहार विद्या साथी’ तकनीक और शिक्षा के बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी जरूरत के समय गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग मिल सकेगा. पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान कर उनकी सीखने की क्षमता को बेहतर बनाना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >