Saran News : शनिवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. सुबह से देर शाम तक शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भीषण जाम लगा रहा. समाहरणालय रोड, योगिनियां कोठी रोड और बस स्टैंड इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. जाम के कारण लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी और कई जगह वाहन रेंगते नजर आए.
नगरपालिका चौक पर कार्यक्रम से बढ़ा दबाव
नगरपालिका चौक पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के कारण सड़क का एक लेन पूरी तरह बाधित रहा. इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया. पुलिस बल की तैनाती के बावजूद ट्रैफिक को सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
वैकल्पिक रास्तों पर जलजमाव बना बड़ी वजह
शहर के कई वैकल्पिक मार्ग पहले से ही जर्जर हैं और जगह-जगह जलजमाव की समस्या बनी हुई है. ऐसे में वाहन चालकों ने इन रास्तों से गुजरने से परहेज किया. इसका सीधा असर मुख्य सड़कों पर पड़ा और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
गली-मोहल्लों में भी नहीं मिली राहत
मुख्य सड़कों पर जाम बढ़ने के बाद वाहन चालकों ने गली-मोहल्लों के संकरे रास्तों का सहारा लिया. इससे वहां भी दोपहिया और चौपहिया वाहनों की कतार लग गयी. कई जगह पैदल चलने वाले लोगों को भी रास्ता निकालने में परेशानी हुई.
स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को हुई परेशानी
दिनभर लगे जाम का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर आने-जाने वाले कर्मचारियों और मरीजों पर पड़ा. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से काफी अधिक समय लगा. जाम के कारण शहरवासियों में नाराजगी भी देखी गयी.
ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर में बड़े आयोजनों के दौरान पहले से ट्रैफिक डायवर्जन की पुख्ता व्यवस्था की जाए. साथ ही जर्जर सड़कों और जलजमाव वाले वैकल्पिक मार्गों को जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो और लोगों को बार-बार जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़े.
