Saran News : गंगा के ढाब में डूबने से तीन बहनों की मौत, एक किशोरी बची

प्रखंड के गंगा नदी पार के दियारा क्षेत्र में स्थित अकिलपुर थाना क्षेत्र के रामदासचक बिंद टोली गांव में शनिवार को ढाब में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन सगी बहनों की मौत हो गयी.

दिघवारा. प्रखंड के गंगा नदी पार के दियारा क्षेत्र में स्थित अकिलपुर थाना क्षेत्र के रामदासचक बिंद टोली गांव में शनिवार को ढाब में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन सगी बहनों की मौत हो गयी, जबकि एक किशोरी को ग्रामीणों ने बचा लिया. उसका इलाज चल रहा है. मृत किशोरियों में रामदासचक बिंद टोली निवासी भूलेटन महतो की पुत्रियां गुंजन कुमारी (11 वर्ष), सपना कुमारी (नौ वर्ष) व मनतुरनी कुमारी (सात वर्ष) शामिल हैं. जिस किशोरी की जान बची, वह उसी गांव के रामनाथ महतो की पुत्री काजल कुमारी है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर बाद चारों किशोरियां घर की साफ-सफाई करने के बाद गंगा नदी के ढाब में नहाने गयी थीं. नहाने के दौरान जब एक किशोरी डूबने लगी, तो बाकी तीन उसे बचाने के प्रयास में गहरे पानी में चली गयीं और चारों डूबने लगीं. नदी के घाट पर मौजूद एक किसान के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुंचे. ग्रामीणों की पहल से काजल कुमारी को बाहर निकाला गया, तब तक तीनों बहनों की मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया. एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद दिघवारा के सीओ मिट्ठू प्रसाद और अकिलपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि वकील राय ने मृत किशोरियों के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता को अविलंब उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >