मशरक. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एनएच 227 ए राम जानकी पथ पर चैनपुर रेलवे सड़क ओवरब्रिज की जर्जर हालत किसी बड़े हादसे को निमंत्रण दे रहा है. जगह-जगह बने बड़े बड़े गढ्ढे और बाहर निकली सरिया के कारण आय दिन दुर्धटनाए होती रही है. बावजूद इसके सड़क निर्माण विभाग सहित किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है. जबकि पटना से गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चम्पारण तक इसी मार्ग से कई माननीय मंत्री, सांसद, विधायक सहित अन्य आला अधिकारियों का आना जाना रहता है. बताते चलें कि एनएच 227 ए पर अवस्थित मशरक चैनपुर रेलवे सड़क ओवरब्रिज का शुभ उद्घाटन 16 जुलाई 2023 को महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल के द्वारा किया गया था. आनन फानन में किये गये उद्घाटन के महज कुछ माह बाद ही ओवरब्रिज सड़क की सरिया दिखने लगी थी. अब तो इसकी हालत काफी जर्जर हो गयी है. जगह-जगह दिख रही सरिया और गढ्ढे में तब्दील हुई ओवरब्रिज सड़क यातायात के लिए चुनौती बनती जा रही है. ओवरब्रिज पर चढने से पहले ही स्थानीय लोगों द्वारा वाहन चालकों को सावधान कर दिया जाता है. रात्रि में गुजरने वाले ज्यादातर बाइक और साइकिल सवार जर्जर ओवरब्रिज सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
