जनगणना कार्य के लीडर हैं चार्ज अधिकारी, तकनीकी पहलुओं को बारीकी से समझें : एम रामचंद्रुडु

जनगणना कार्य राज्य निदेशक एम रामचंद्रुडु ने शुक्रवार को सारण समाहरणालय में जारी जिला स्तरीय प्रशिक्षण की समीक्षा की.

छपरा. जनगणना कार्य राज्य निदेशक एम रामचंद्रुडु ने शुक्रवार को सारण समाहरणालय में जारी जिला स्तरीय प्रशिक्षण की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि चार्ज अधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारी जनगणना कार्य के लीडर हैं. उनके नेतृत्व में ही काम होना है. इसलिए उनको सभी तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की सटीक जानकारी होनी चाहिए. जितने अच्छे से प्रशिक्षण ग्रहण करेंगे वास्तविक कार्य के समय उतनी ही कम परेशानी होगी. किसी स्तर पर कोई भी भ्रम की स्थिति न रहे. हर आने वाली समस्या का निदान पहले से जान लें. फिल्ड कार्य के पहले सीएमएमएस और एचएलबीसी पोर्टल का संचालन व ऑपरेशन ठीक से सीख लें. निदेशक ने प्रश्नोत्तर विधि अपनाते हुए सभी प्रशिक्षुओं से फीड बैक लिया. उन्होंने स्टेट मास्टर ट्रेनर के प्रशिक्षण प्रक्रिया की समीक्षा की. फीड बैक में प्रशिक्षुओं से पीपीटी के अंग्रेजी भाषा में होने पर आने वाली दिक्कतों पर कहा कि यह राष्ट्र स्तरीय मैनुअल है. परंतु राज्य निदेशालय हिन्दी में पीपीटी तैयार कर रहा है. जल्द ही आप सबको उपलब्ध करा दिया जाएगा. उन्होंने मैनुअल और सर्कुलर का अध्ययन करने का निदेश दिया.

ऑनलाईन टेस्ट प्रक्रिया की सराहना

उन्होंने सारण एनआईसी द्वारा डेवलप किए गए टेस्ट प्रक्रिया की सराहना की. कहा कि इस मॉड्यूल को बिहार के अन्य जिलों से भी साझा करें. यह जांच के साथ क्षमतावर्द्धन में भी सहायक है. इससे सबको लाभ होगा. मौके पर प्रशिक्षुओं से टेस्ट माड्यूल के तहत ऑनलाईन प्रश्न जारी करते हुए उत्तर लिए गए. इसके तहत एक प्रश्न 45 सेकंड तक मल्टिपुल उत्तर के साथ स्क्रीन पर प्रदर्शित होता है. ऐसे तीस प्रश्न पूछे गए. अंत में सबसे अधिक सही जवाब देने वाले, सबसे कम समय में जवाब देने वाले कर्मियों की सराहना की गयी. इस माड्यूल में हर कर्मी का सही और गलत उत्तर के अनुसर रैंक भी प्रदर्शित होता है. प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निदेशक का स्वागत करते हुए बताया कि जिले के सभी चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न किया जा चुका है. अब चार्ज के तीन से चार तकनीकी कर्मियों का प्रशिक्षण किया जा रहा है. उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तविक कार्य के पहले जितना अधिक हो सके टेबलटॉप कार्य और फिल्ड वर्क पूरा कर लें. पूरी तरह आश्वस्त होने पर ही पोर्टल पर डाटा की अंतिम प्रविष्टि करें. इससे गलती और त्रुटि की संभावना नहीं होगी. इस अवसर पर अवर जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार ने टेस्ट प्रक्रिया का संचालन किया. राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक सह सीसीएलआर सदर आलोक राज ने शंका निवारण किया. जनगणना निदेशालय से आईं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर अदिती आनंद व जुली कुमारी ने प्रशिक्षण संचालन किया. मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, एनडीसी रवि कुमार, सहायक जिला सांख्यिकी पदाधिकारी धर्मजय आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >