saran news : छपरा. दो दिनों से लापता चल रहे भगवान बाजार थाना क्षेत्र निवासी एपीपी पवन कुमार का शव रविवार की सुबह उनके घर के समीप स्थित एक कुएं से बरामद किया गया.
जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार की अहले सुबह से ही गायब थे. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. एएसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के मुहल्लों में जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा. इसी दौरान तलाशी के क्रम में घर के पास स्थित एक कुएं की जांच की गयी, जहां उनका शव पाया गया.इसके बाद भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंधीर कुमार के नेतृत्व में मुहल्ले के लोगों व समाजसेवी धर्मनाथ पिंटू के द्वारा शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. बताया जा रहा है कि पवन कुमार पिछले एक माह से डिप्रेशन में थे. प्रारंभिक तौर पर आशंका जतायी जा रही है कि इसी कारण वे कुएं में गिर गये, जिससे उनकी मौत हो गयी. हालांकि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके.
2009 से लगातार एपीपी के पद पर थे कार्यरत
वह एपीपी (असिस्टेंट पब्लिक प्रोसिक्यूटर) के रूप में लंबे समय से कार्यरत थे. वर्ष 1995 से वकालत के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अपने अनुभव और कार्यशैली से न्यायिक व्यवस्था में अहम योगदान दिया. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक अधिवक्ता के रूप में की और धीरे-धीरे अपनी मेहनत व दक्षता के बल पर एक सशक्त पहचान बनायी. वर्ष 2009 से वह लगातार एपीपी के पद पर कार्यरत थे और इस दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी करते हुए न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.उनके कार्यकाल में अनुशासन, प्रतिबद्धता और कानूनी समझ की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिलती थी. वर्तमान में वे एडिशनल जज 14, 1 तथा 12 की अदालतों में एपीपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. सहकर्मियों ने बताया कि वह एक गंभीर, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जो अपने दायित्वों के निर्वहन में हमेशा तत्पर रहते थे.
