saran news : परसा. परसा थाना क्षेत्र के हरपुर परसा के समीप शीतलपुर-सीवान एसएच-73 पर शनिवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी और परिजनों में कोहराम छा गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सगुनी गांव निवासी स्व देवनंदन राय के पुत्र भीष्म राय परसा बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि भीष्म राय की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि वाहन चालक घटना के बाद वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम पसर गया. पत्नी रामपरी देवी, पुत्र मनोज राय, पुलिस राय तथा पुत्री अनीता देवी व रीना देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया. हादसे के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, अपर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार, एसआइ बालेश्वर सिंह एवं पीएसआइ मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात को बहाल कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी हो तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाये.
saran news : सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, सड़क जाम
saran news : हरपुर परसा के पास शीतलपुर-सीवान एसएच पर हुआ हादसा
