मुंगेर/सारण. भारतीय स्टेट बैंक मुंगेर मुख्य शाखा में सहायक प्रबंधक पद पर तैनात नवल किशोर कुमार मंगलवार शाम से रहस्यमय ढंग से लापता हैं. उनकी बुलेट मोटरसाइकिल खगड़िया रेलवे स्टेशन पर मिली है, जबकि उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है. उनका परिवार और बैंक के सहकर्मी गहन चिंता में हैं. बताया गया कि नवल किशोर मंगलवार को 4:25 बजे लोन रिकवरी कार्य के लिए अपनी बाइक से निकले, लेकिन न तो शाखा पहुंचे और न ही घर लौटे. उनकी पत्नी सोनम देवी व परिजन लगातार खोजबीन में लगे हैं. रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि वह अकेले ही बाइक लेकर स्टेशन पहुंचे, लेकिन उसके बाद का फुटेज नहीं मिला. परिजन और बैंककर्मी उनकी अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं. नवल किशोर के बहनोई मिथिलेश कुमार और ससुर बड़े लाल प्रसाद राय ने बताया कि वह जिम्मेदार और अनुशासित व्यक्ति हैं और किसी से उनका विवाद नहीं था. एसबीआइ मुख्य शाखा प्रबंधक अमित कुमार के आवेदन पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि लापता बैंककर्मी के मामले में पुलिस जांच कर रही है और खोजबीन के लिए टीम गठित की गयी है. फिलहाल नवल किशोर कुमार की कोई जानकारी नहीं मिल पायी है और परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
