छपरा समेत जिले भर में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में विशेष रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. रात्रि गश्ती के दौरान बैंक, एटीएम, ज्वेलर्स दुकान, प्रमुख चौक-चौराहों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की सघन जांच की गई.
पुलिस टीमों ने इन स्थानों के आसपास की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की. अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई तथा पुलिसकर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया.
वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य रात्रि के समय अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा आम लोगों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. जिले में रात्रि गश्ती एवं सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
