बनियापुर. मुख्य सड़क से गांव को जोड़ने वाली ग्रामीण पीसीसी सड़क मेंटेनेंस के अभाव में जर्जर होती जा रही है. जिससे ग्रामीणों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. मामला बनियापुर प्रखंड मुख्यालय से सटे सरेया पंचायत के कन्हौली संग्राम गांव का है. जहां पांच वर्षो पूर्व प्रमुख मद से पीसीसी सड़क का निर्माण किया गया था. मगर मेंटेनेंस व देखरेख के अभाव में उक्त सड़क जर्जर हो चुकी है. हालत यह है कि इस सड़क पर वाहन चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. जगह–जगह पर सड़क में आई दरार व क्रैक के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है. उक्त सड़क पर कई जगहों पर गिट्टी व पत्थर सड़क के उपर आ गये है. जिससे पैदल चलने वाले लोग भी असहज महशुस कर रहे है. वही सड़क पर जगह–जगह पर बने स्पीड ब्रेकर भी दुर्घटना का कारण बन रहे है. जर्जर होने से दिन रात सड़क पर धूल उड़ते रहते हैं जो स्थानीय लोगों में श्वास संबंधी बीमारी के कारण बन रहे हैं. स्थानीय पशुपतिनाथ सिंह,त्रिलोकीनाथ सिंह, योगेंद्र सिंह, भृगुनाथ सिंह, चंद्रमा सिंह, भुनेश्वर सिंह ‘लाला‘ आदि ने बताया कि खराब सड़क की वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है. ऐसे में इस सड़क को मेंटेनेंस की दरकार है. हालांकि यह सिर्फ कन्हौली तक ही सीमित नही है,बल्कि प्रखंड के कई अन्य ग्रामीण सड़के भी मेंटेनेंस के अभाव में दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है. मगर जिम्मेवारो द्वारा इसकी कोई सुध नही ली जा रही है।जो ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
