Saran News : मकेर अंचल कार्यालय में राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत नवीन कुमार शनिवार को सड़क हादसे में घायल हो गए. घटना उस समय हुई, जब वे ड्यूटी समाप्त करने के बाद मकेर-परसा सड़क से बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने आवास लौट रहे थे. अंजनी के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
बताया जाता है कि नवीन कुमार बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अंजनी के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया. कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गये. हादसे में उन्हें मामूली चोटें आयी हैं.
सीओ ने अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी निर्मला कुमारी ने तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने अपने वाहन से घायल राजस्व अधिकारी को उपचार के लिए परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित उनके आवास पहुंचा दिया गया.
खतरे से बाहर है अधिकारी की स्थिति
सीओ निर्मला कुमारी ने बताया कि घायल राजस्व अधिकारी की स्थिति अब खतरे से बाहर है. उन्हें मामूली चोटें आयी हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य है.
