छपरा. अंजली हत्याकांड में रेल पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. गुरुवार को रेल एसपी वीणा कुमारी जांच के लिए छपरा पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने रेल डीएसपी मोहम्मद शाहकार खां के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में रेल एसपी ने रेलवे ट्रैक, आसपास के रास्तों और घटनास्थल की जानकारी ली तथा अब तक की जांच प्रगति की समीक्षा की. रेल एसपी ने श्रेया क्लीनिक एवं ट्रामा सेंटर के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की. फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि घटना के समय आसपास किन-किन लोगों की आवाजाही थी और कोई संदिग्ध गतिविधि तो कैमरे में कैद नहीं हुई है. अधिकारियों ने सीसीटीवी के विभिन्न एंगल से मिले फुटेज को खंगालते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाने पर जोर दिया. इस दौरान जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी, प्रभारी विनोद कुमार यादव को संयुक्त रूप से मामले की जांच हर पहलू से जांच करने का निर्देश दिया. रेल एसपी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने बताया कि दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
