सारण: तरैया के पोखरेड़ा पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में, 22 ने दाखिल किया नामांकन

तरैया प्रखंड के पोखरेड़ा प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. अध्यक्ष पद के लिए चार और प्रबंधकारिणी सदस्य पद के लिए 22 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए हैं. चुनाव 30 सितंबर को होगा.

Saran News : तरैया प्रखंड के पोखरेड़ा प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गयी. नामांकन के अंतिम दिन अंतिम समय तक अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. वहीं, प्रबंधकारिणी सदस्य के विभिन्न कोटि से कुल 22 लोगों ने नामांकन किया है.

अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों ने किया नामांकन

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विभु विवेक ने बताया कि पोखरेड़ा पैक्स चुनाव के लिए अध्यक्ष और प्रबंधकारिणी सदस्य पद पर नामांकन की तिथि 16 से 18 सितंबर तक निर्धारित थी. अंतिम समय तक अध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार यादव, मनोज राय, भागमनी देवी और कुमारी आरती ने नामांकन पत्र दाखिल किया.

प्रबंधकारिणी सदस्य पद के लिए 22 नामांकन

प्रबंधकारिणी सदस्य पद के लिए विभिन्न कोटि से कुल 22 लोगों ने नामांकन किया है. सामान्य कोटि से रामेश्वर राय, हरिशंकर पांडेय, दिनेश राय, रामजी राय, कुणाल किशोर और चन्द्रमा राय ने नामांकन किया. सामान्य महिला कोटि से नीतू कुमारी, कुमारी देवी, अनिता देवी और सुमन देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया.

पिछड़ा वर्ग महिला कोटि से सीमा देवी और मालती देवी, पिछड़ा वर्ग पुरुष कोटि से बच्चा राय और सत्य नारायण राय, अनुसूचित जाति महिला वर्ग से कुसुम देवी और मालती देवी, अतिपिछड़ा महिला वर्ग से ममता देवी और पुष्पा देवी, अतिपिछड़ा पुरुष वर्ग से जगमोहन महतो और जादोलाल साह तथा अनुसूचित जाति पुरुष वर्ग से पशुराम मांझी और अखिलेश कुमार राम ने नामांकन किया.

वर्तमान और पूर्व पैक्स अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ दिखायी ताकत

नामांकन के दौरान वर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनोज राय और पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार यादव ने समर्थकों के साथ अपनी-अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. पोखरेड़ा पंचायत के पोखरेड़ा और बगही गांव से दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ बाइक जुलूस निकालकर तरैया प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे.

19 और 21 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा

बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विभु विवेक ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गयी. अब 19 और 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी. 23 सितंबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है. इसी दिन अध्यक्ष और प्रबंधकारिणी सदस्य पद के उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा.

30 सितंबर को होगा पोखरेड़ा पैक्स का चुनाव

पोखरेड़ा प्राथमिक कृषि साख समिति पैक्स का चुनाव 30 सितंबर को कराया जायेगा. चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी करायी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >