Chapra Khanua Drain : छपरा शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और खनुआ नाला सहित स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज व नल-जल योजनाओं के निर्माण को गति देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई समन्वय समिति की बैठक में निर्माण कार्यों की बाधाओं की समीक्षा की गई. डीएम ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए.
खनुआ नाला और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की हुई समीक्षा
छपरा में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, खनुआ नाला, नल-जल योजना और सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति को लेकर बैठक हुई. इसमें निर्माण कार्यों के दौरान सामने आ रही प्रशासनिक, तकनीकी और स्थल संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
सितंबर में चरणबद्ध तरीके से पूरा होगा काम
डीएम ने आगामी बारिश को देखते हुए निर्माण कार्य की ऐसी योजना बनाने का निर्देश दिया, जिससे सितंबर में काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़े. उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार सड़क या कार्यस्थल के हिस्सों में आधा-आधा करके काम कराया जाए, ताकि निर्माण के दौरान आम लोगों और वाहनों की आवाजाही कम से कम प्रभावित हो.
बुडको की योजनाओं के लिए NOC की प्रक्रिया होगी तेज
बुडको की परियोजनाओं के लिए पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र लेने में आ रही दिक्कतों को दूर करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने जिला स्तर से संबंधित योजनाओं को समेकित कर पथ निर्माण विभाग को पत्र भेजने को कहा, ताकि लंबित NOC मामलों का जल्द निपटारा हो सके.
बिजली के पोल और दूसरी यूटिलिटी भी हटेंगी
नाला निर्माण के दौरान बिजली के पोल समेत अन्य यूटिलिटी की वजह से आ रही बाधाओं की भी समीक्षा हुई. डीएम ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया, ताकि यूटिलिटी शिफ्टिंग के कारण निर्माण कार्य लंबे समय तक बाधित न रहे.
जलजमाव का स्थायी समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने शहर में जलजमाव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. उन्होंने नगर निगम और संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया.
रेलवे से जुड़े काम में पहले लें अनुमति
जहां नाला, कल्वर्ट या उसकी सफाई से जुड़े काम रेलवे की जमीन या परिसंपत्तियों से संबंधित हैं, वहां रेलवे से आवश्यक अनापत्ति लेने का निर्देश दिया गया. डीएम ने ऐसे मामलों में डीआरएम, रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर काम कराने को कहा.
अतिक्रमण और जमीन की मापी एक सप्ताह में
निर्माण कार्यों में जहां अतिक्रमण हटाने या जमीन की मापी की जरूरत है, वहां सदर अंचल अधिकारी को एक सप्ताह के अंदर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का उद्देश्य ऐसी बाधाओं को समय रहते दूर कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाना है.
इंजीनियरिंग टीम करेगी लगातार मॉनीटरिंग
सदर एसडीओ को एक इंजीनियरिंग टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है. यह टीम क्षेत्र में प्रस्तावित और चल रहे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करेगी. टीम को काम की प्रगति के साथ सामने आने वाली समस्याओं की रिपोर्ट भी तैयार करनी होगी.
बाहर के इलाकों के काम में भी समन्वय जरूरी
डीएम ने शहर के बाहर चल रही योजनाओं की गति बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों, पथ निर्माण विभाग और पुल निर्माण निगम के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश
डीएम ने अधिकारियों और संवेदकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पूरी तरह पालन करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा किया जाना चाहिए.
Also Read : सारण: दरियापुर के किशु सिंह बने लेफ्टिनेंट कर्नल, CDS में सफलता पर गाजे-बाजे से हुआ स्वागत
