सारण: चेहल्लुम ड्यूटी के लिए बाइक से कटोखर जा रहे मांझी थाना में पदस्थापित दारोगा रामजी विश्वकर्मा और सिपाही अमर कुमार मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना मांझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर डुमरी के डेरा गांव के पास उस समय हुई, जब एक अनियंत्रित ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को किया गया रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
दारोगा की हालत गंभीर, पीएमसीएच में चल रहा इलाज
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दारोगा रामजी विश्वकर्मा की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया. उनके बाएं हाथ और बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि नाक पर भी गंभीर चोट लगी है. वहीं सिपाही अमर कुमार का इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है.
ऑटो चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार ऑटो और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.
घायलों के इलाज के लिए भेजी गई पुलिस टीम
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि दोनों घायलों के बेहतर इलाज के लिए पुलिस की एक टीम को उनके साथ छपरा और पटना भेजा गया है. घटना की सूचना दोनों पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी दे दी गई है. परिजन छपरा सदर अस्पताल और पीएमसीएच पहुंचकर इलाज में सहयोग कर रहे हैं.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
