सारण में मां-बेटी को बंधक बना शादी के लिए रखे जेवर-नकदी लूटे, एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने की जांच

सारण में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर मां-बेटी को बंधक बनाया. उन्होंने बेटी की शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवर, नए कपड़े और नकदी लूट ली. डीजे के शोर का अपराधियों ने उठाया फायदा.

Saran News : मांझी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पंजाब की एक फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुमार भारती के घर से दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, शादी के लिए रखे नये कपड़े और 10 हजार रुपये नकद लूट लिये. घटना के दौरान घर में सो रही गृहस्वामी की पत्नी गायत्री देवी और उनकी बेटी किरण कुमारी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया गया था.

दो अपराधियों ने मां-बेटी को कब्जे में लिया

पीड़िता गायत्री देवी के अनुसार, देर रात अचानक चार अपराधी घर में घुस आये. इनमें से दो अपराधियों ने हथियार के बल पर मां-बेटी को अपने कब्जे में ले लिया और शोर मचाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. इसके बाद दोनों अपराधियों ने उन्हें शांत रहने को मजबूर कर दिया. इसी दौरान साथ आये दो अन्य अपराधियों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़ दिया और वहां रखे सोने-चांदी के जेवर, नये कपड़े, नकदी समेत अन्य कीमती सामान समेट लिया.

बेटी की शादी के लिए बनवाये गये थे जेवर

परिजनों के अनुसार, घर में लूटे गये जेवर बेटी किरण कुमारी की शादी के लिए विशेष रूप से बनवाये गये थे. परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और आगामी वर्ष मई में किरण की शादी प्रस्तावित है. इसी वजह से जेवरात समेत अन्य सामान घर में सुरक्षित रखा गया था. घटना के बाद परिवार के सामने शादी की तैयारियों को लेकर भी बड़ी परेशानी खड़ी हो गयी है.

500 मीटर दूर बज रहा था तेज आवाज में डीजे

लूट की इस घटना में अपराधियों के लिए गांव में बज रहा तेज आवाज का लाउडस्पीकर मददगार साबित हुआ. घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक दरवाजे पर संगीत कार्यक्रम चल रहा था. डीजे और लाउडस्पीकर के तेज शोर के कारण मां-बेटी के चीखने और मदद के लिए पुकारने की आवाज आसपास के लोगों तक नहीं पहुंच सकी. अपराधियों ने इसी शोर का फायदा उठाया और बिना किसी रुकावट के लूटपाट कर फरार हो गये.

दीवार के रास्ते घर में घुसे, मुख्य दरवाजा खोलकर भागे

बताया जाता है कि अपराधी घर के बाहर की दीवार में बने ईंट के खपरैल अथवा खेड़ी के रास्ते अंदर दाखिल हुए थे. लूटपाट करने के बाद अपराधियों ने घर के अंदर से मुख्य दरवाजा खोला और उसी रास्ते से फरार हो गये. घटना की सूचना मिलने के बाद देर रात डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर कुछ दूर तक अपराधियों का पीछा किया और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी भाग निकले.

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने लूटकांड को लेकर आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की. पीड़ित परिवार ने भी घटना का शीघ्र उद्भेदन कर लूटे गये सामान की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है.

एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को छपरा सदर एसडीपीओ-दो प्रेमचंद्र सिंह, इंस्पेक्टर किरण शंकर और मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. साथ ही तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >