सारण: रसूलपुर के माधोपुर और रंगलाल गांव में सड़क बनी तालाब, जलजमाव से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में जलजमाव ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल बना दिया है. खासकर स्कूली बच्चों को कीचड़ भरी सड़कों से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है. मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं.

Saran News: सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र की चनचौरा पंचायत के माधोपुर एवं टोले रंगलाल गांव में जलजमाव ने ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना पानी और कीचड़ से भरी सड़क पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

मुख्यमंत्री सड़क योजना की सड़क बनी तालाब

माधोपुर वार्ड संख्या-11 से होकर गुजरने वाली मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क इन दिनों तालाब का रूप ले चुकी है. सड़क पर कई फीट तक पानी जमा रहने से आवागमन बाधित हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है.

मिट्टी भराई और अतिक्रमण से बंद हुआ पानी का निकास

ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे कुछ लोगों ने अपने घरों के सामने मिट्टी भराई कर दी है, जिससे बारिश और नाले के पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है. लोगों का आरोप है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण प्राकृतिक जलनिकासी व्यवस्था समाप्त हो गई है, जिसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है.

सरकारी बाउली पर अतिक्रमण की ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि गांव का पानी पहले जिस सरकारी बाउली में गिरता था, वह भी अतिक्रमण की चपेट में आ गई है. बाउली का क्षेत्रफल लगातार सिमटता जा रहा है, जिससे पानी का बहाव रुक गया है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है.

रंगलाल गांव में भी बदहाल सड़क, रोज गिरते-पड़ते स्कूल पहुंच रहे बच्चे

टोले रंगलाल गांव की स्कूल जाने वाली सड़क भी पूरी तरह जर्जर और जलमग्न है. यहां छोटे-छोटे बच्चे रोज फिसलते और गिरते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं. अभिभावकों का कहना है कि हर दिन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया.

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दी जा चुकी है सूचना

ग्रामीणों ने बताया कि बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित रूप में दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक न तो जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की गई और न ही सड़क की मरम्मत शुरू हुई.

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब सरकारी बाउली से अतिक्रमण हटाने, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों और विशेषकर स्कूली बच्चों को राहत मिल सके.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandrashekhar Saran

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >