JPU PG Admission 23 जुलाई तक जारी होगी मेधा सूची, 5 हजार सीटों पर होगा नामांकन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में पीजी सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है. आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद 23 जुलाई तक मेधा सूची जारी होने की संभावना है. इस बार 17 विषयों में लगभग 5000 सीटों पर नामांकन होगा, जिसके लिए करीब 3500 आवेदन आए हैं.

छपरा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग द्वारा आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी की जा रही है. विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाई की शाम तक पीजी नामांकन की मेधा सूची वेबसाइट पर जारी की जा सकती है. हालांकि अंतिम निर्णय सोमवार को विश्वविद्यालय खुलने के बाद लिया जाएगा.

17 जुलाई तक हुए आवेदन, अब हो रहा सत्यापन

विश्वविद्यालय ने पीजी के 17 विषयों में नामांकन के लिए 17 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे. निर्धारित तिथि तक करीब 3500 छात्रों ने आवेदन किया. अब सभी आवेदन पत्रों का अलग-अलग स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है. इसके बाद विषयवार मेधा सूची जारी होगी.

आरक्षण रोस्टर के आधार पर मिलेगा कॉलेज

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी राजेश पांडेय ने बताया कि मेधा सूची आरक्षण रोस्टर के अनुसार तैयार की जाएगी. आवेदन के दौरान छात्रों को तीन कॉलेजों का विकल्प चुनने का अवसर दिया गया था. इन्हीं विकल्पों में से किसी एक कॉलेज का आवंटन किया जाएगा. छात्राओं को उनके घर के निकट स्थित कॉलेज देने का प्रयास किया जाएगा.

5 हजार सीटों के मुकाबले आए कम आवेदन

पीजी सत्र 2026-28 में 17 विषयों के तहत करीब 5 हजार सीटों पर नामांकन होना है, जबकि अब तक केवल लगभग 3500 आवेदन प्राप्त हुए हैं. ऐसे में अधिकांश विषयों में सीटों की तुलना में कम आवेदन होने से नामांकन को लेकर अधिक प्रतिस्पर्धा नहीं रहेगी.

केवल एक बार जारी होगी मेरिट लिस्ट

विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार इस वर्ष आवेदकों की संख्या कम होने के कारण सिर्फ एक ही मेधा सूची जारी की जाएगी. पहली सूची के आधार पर ही नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. पिछले वर्ष भी पीजी नामांकन के लिए केवल एक मेरिट लिस्ट जारी की गई थी.

नए रेगुलेशन के तहत हो रहा नामांकन

इस बार पीजी में प्रवेश नए रेगुलेशन के अनुसार लिया जा रहा है. सबसे पहले संबंधित मेजर विषय से आवेदन करने वाले छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी. इसके बाद माइनर विषय और अंत में संबद्ध विषयों के छात्रों को वरीयता दी जाएगी. स्नातक में ऑनर्स विषय के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी प्राथमिकता मिलेगी.

इन 17 विषयों में होगा नामांकन

जेपीयू में पीजी सत्र 2026-28 के तहत भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान विषयों में नामांकन लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >