Young Woman Falls in River: यूपी-बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले एनएच-19 स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार दोपहर एक युवती के सरयू नदी में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही मांझी और दोकटी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक युवती का पता नहीं चल सका था.
मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 25 वर्षीय युवती जयप्रभा सेतु पर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी. इसी दौरान वह पुल के पिलर नंबर दो के समीप पहुंची और अचानक नदी की ओर चली गयी. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. बताया गया कि नदी में तेज बहाव होने के कारण तलाश अभियान में परेशानी आ रही है.
दो बाइक सवार युवकों को लेकर भी चर्चा
मौके पर मौजूद कुछ लोगों के अनुसार, दो बाइक सवार युवक युवती के पीछे पुल पर पहुंचे थे. युवती के नदी में जाने के बाद दोनों युवक वहां से चले गये. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
छात्रा की पहचान से परिजनों में मचा कोहराम
युवती की पहचान बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवकराय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पुत्री सौम्या सिंह के रूप में बतायी गयी है. परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां रेखा देवी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. बेटी के नदी में लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया.
कंप्यूटर इंजीनियरिंग की कर रही थी पढ़ाई
बताया गया कि सौम्या ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी. गुरुवार को वह जयप्रभा सेतु के पास कैसे पहुंची, इसे लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है.
सरयू नदी में तलाश अभियान जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मांझी और दोकटी पुलिस मौके पर पहुंचकर नदी में युवती की तलाश में जुट गयी है. धनी छपरा गांव के सामने नदी में युवती के लापता होने की बात कही जा रही है. पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन कर रही है. घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है.
