छपरा. साल के पहले दिन ही जिला प्रशासन ने सारण में चल रही विभिन्न सड़क और पुल पुलिया की परियोजनाओं को गति देने के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. जानकारी हो कि सारण जिलान्तर्गत विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिये भू-अर्जन किया जा रहा है. विभिन्न परियाजना एवं मौजों में भू-अर्जन की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने साल के पहले दिन गुरुवार को विभिन्न परियोजनाओं को लेकर किये जा रहे भू-अर्जन की गहन समीक्षा की. प्रभात खबर में इन सभी योजनाओं की सूची तीन दिन पहले 29 दिसंबर के अंक में प्रकाशित की थी, ताकि इन योजनाओं को रफ्तार मिल सके. इस दौरान सड़क निर्माण करने वाली सभी कार्यकारी विभागों को भू-अर्जन की प्रक्रिया के साथ साथ निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाते हुए कार्य करने का स्पष्ट निदेश दिया गया. बैठक में अपर समाहर्त्ता,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, परियोजना निदेशक एनएचएआई, कार्यपालक अभियंता एन एच डिवीज़न या पथ प्रमण्डल , सहायक भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता एवं अंचलाधिकारी जुड़े थे.
इन योजनाओं पर मिले निर्देश
-खैरा-बिनटोलिया पथ के तहत भू-अर्जित किये जाने वाले प्लॉट की जमाबंदी को अपडेट करने का निर्देश अंचलाधिकारी सदर को दिया गया.-एकमा-मशरख पथ में स्थानीय समस्या का निराकरण करने व एकमा-डुमाईगढ़ पथ में जमीन की जमाबंदी को अपडेट करने का निर्देश अंचलाधिकारी मांझी को दिया गया.-एनएच 19 के छपरा सेक्शन के बचे हुए भाग की योजना की निविदा प्रक्रियाधीन है, निविदा के निष्पादन के बाद इसमें कार्य कराया जायेगा.-रिविलगंज-बिसुनपुरा बाइपास सड़क के लिए सदर व रिविलगंज अंचल के 18 मौजों में जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. अधिग्रहण की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया. सभी संबंधित जमाबंदी को अपडेट करने का निर्देश दोनों अंचलाधिकारी को दिया गया.-दिघवारा-भेल्दी-अमनौर -तरैया 54 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए वन विभाग एवं विद्युत विभाग से संबंधित मामले का त्वरित निष्पादन कर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया गया.-छपरा बाइपास से मेडिकल कॉलेज तक चार लेन सड़क के निर्माण के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने को कहा गया.-रिविलगंज बाइपास से संबंधित स्थानीय समस्या को एक सप्ताह के अंतर्गत निष्पादित कर सभी शेष लोगों को मुआवजे का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया.-गड़खा बाइपास, परसा बाईपास, अमनौर बाइपास, रामजानकी पथ, छपरा बाइपास, शेरपुर-दिघवारा रिंग रोड, भारतमाला परियोजना के तहत बाकरपुर-मानिकपुर सेक्शन में मुआवजा भुगतान में तेजी लाते हुये भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया गया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
