Saran News : गंगा और गंडक नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी, 30 से अधिक गांव हुए प्रभावित

सारण जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरने वाली गंगा और गंडक नदियों का रौद्र रूप अभी भी बरकरार है.

छपरा. सारण जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरने वाली गंगा और गंडक नदियों का रौद्र रूप अभी भी बरकरार है. गुरुवार को किये गये आकलन से पता चला कि दोनों नदियों के जल स्तर में प्रतिदिन पांच से 40 सेंटीमीटर की वृद्धि हो रही है, जिससे हाइ फ्लड लेवल का खतरा बना हुआ है. नदी किनारे रहने वाले लोग बाढ़ और बारिश की दोहरी मार झेल रहे हैं. गंगा नदी का जल स्तर गांधी घाट पर खतरे के निशान (48.60 मीटर) से लगभग एक मीटर ऊपर यानी 49.52 मीटर पर बह रहा है और इसमें लगातार वृद्धि जारी है. यह कभी भी हाइ फ्लड लेवल के निशान को छू सकता है. इसी तरह, गंडक नदी भी हाजीपुर में तेजी से बढ़ रही है और अगर यही रफ्तार रही तो अगले 24 घंटों में खतरे के निशान (50.32 मीटर) को पार कर सकती है. घाघरा नदी का जल स्तर छपरा में खतरे के निशान (53.68 मीटर) के करीब 52.39 मीटर तक पहुंच गया है, हालांकि गुरुवार को इसमें एक सेंटीमीटर की मामूली कमी दर्ज की गयी, जो थोड़ी राहत की बात है. वहीं, सिसवन में घाघरा का जल स्तर खतरे के निशान (57.04 मीटर) से नीचे आ गया है.

30 से अधिक गांव प्रभावित, लोग हुए बेघर

तीन महीनों में चौथी बार आयी इस बाढ़ से जिले के विभिन्न प्रखंडों के 30 से अधिक गांव प्रभावित हो चुके हैं. सबसे ज्यादा प्रभावित सोनपुर प्रखंड के पंचायत हैं, जहां सबलपुर के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी हिस्से पूरी तरह से डूब गये हैं. इसके अलावा, राहरदियारा, गंगाजल, नजरमीरा और शाहपुर के लोग भी बुरी तरह प्रभावित हैं. छपरा सदर प्रखंड के कुतुबपुर दियारा, बरहरा महाजी, कोटवा पट्टी रामपुर, चकिया, दयालपुर और सुरतपुर जैसे गांवों में भी पानी घुस गया है. नयागांव, पहलेजा, डोरीगंज और रिविलगंज के दीलिया रहीमपुर पंचायत के लोग भी बाढ़ की त्रासदी झेल रहे हैं. जिन लोगों के घर बाढ़ में डूब गए हैं, वे ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है. प्रशासन द्वारा पॉलीथिन शीट और अन्य राहत सामग्री दी जा रही है, लेकिन यह पीड़ितों के दर्द को कम करने के लिए पर्याप्त नहीं है.

आंकड़ों में स्थिति

नदी का नाम- खतरे का निशान- वर्तमान स्थितिगंगा नदी, गांधी घाट- 48.60- 49.52गंडक हाजीपुर- 50.32- 49.53

गंडक रेवा- 54.41- 52.95घाघरा सिसवन- 57.04- 56.56

घाघरा छपरा- 53.68- 52.39

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >