Saran Flood: दिघवारा प्रखंड की त्रिलोकचक पंचायत के केसरपुर के समीप माही नदी से टूटे बांध की मरम्मती का काम लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. रविवार को दिनभर सैकड़ों मजदूर बांध को दुरुस्त करने में जुटे रहे. हालांकि, पानी के तेज प्रवाह के कारण क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मती में प्रशासन और मजदूरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कटाव बढ़कर करीब 25 से 30 फीट तक पहुंच गया है, जिससे बांध को दोबारा बांधने में मुश्किल हो रही है.
रविवार को भी डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार केसरपुर पहुंचे और बांध मरम्मती के काम का जायजा लिया. अधिकारियों ने काम में तेजी लाने का निर्देश दिया. वहीं, सीओ मिट्ठू प्रसाद लगातार दूसरे दिन केसरपुर में कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
तेज बहाव के कारण मरम्मती में आ रही परेशानी
माही नदी के पानी का बहाव तेज होने के कारण टूटे हिस्से की मरम्मती करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. बाढ़ का पानी तेजी से त्रिलोकचक और कुरैया पंचायतों के निचले इलाकों में फैल रहा है. कई इलाकों के जलमग्न होने के कारण लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं.
अकबर केसरपुर बांध पर सैकड़ों परिवार अपने परिजनों और मवेशियों के साथ शरण लिये हुए हैं. बाढ़ पीड़ितों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से यहां सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है. रविवार से सामुदायिक रसोई शुरू कर दी गयी, जहां बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
डीएम-एसएसपी ने लिया स्थिति का जायजा
इससे पहले शनिवार को भी डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने केसरपुर में करीब चार घंटे कैंप किया था. देर शाम भी दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और दिनभर चले बांध मरम्मती कार्य की समीक्षा की. अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए काम में तेजी लाने को कहा.
डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
दिघवारा-मलखाचक मार्ग पर आवागमन बंद
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच माही नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. मलखाचक से दिघवारा आने वाले मार्ग पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है.
इससे बरुआ, त्रिलोकचक और कुरैया पंचायतों समेत नगर पंचायत के तीन वार्डों के लोगों का मुख्य बाजार से संपर्क प्रभावित हो गया है. अब इन क्षेत्रों के लोगों को पट्टीपुल के रास्ते दिघवारा मुख्य बाजार पहुंचना होगा.
बरबन्ना के पास सड़क पर फैला पानी
नगर के बरबन्ना के समीप सड़क पर बड़ी मात्रा में बाढ़ का पानी फैल गया है. पानी के कारण इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है. बरबन्ना और बसतपुर के आसपास कई घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गये हैं.
वहीं, नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 के राईपट्टी मोहल्ले में भी बाढ़ का पानी तेजी से बस्ती की ओर बढ़ रहा है. राईपट्टी और मीरपुर भुआल समेत आसपास के इलाकों से दिघवारा बाजार आने वाले लोगों को अब वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है.
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
