छपरा में डबल डेकर पुल निर्माण से बढ़ी आम लोगों की मुश्किलें, स्कूल पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्तों से गुजर रहे बच्चे

Chapra Double-Decker Bridge : छपरा शहर में डबल डेकर पुल और अन्य निर्माण कार्यों से सामान्य आवागमन प्रभावित है. स्कूली बच्चों को जर्जर रास्तों और कीचड़ से गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा है.

Chapra Double-Decker Bridge : छपरा शहर के जिन इलाकों में डबल डेकर पुल और अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां सामान्य आवागमन प्रभावित हो गया है. राहगीर किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, लेकिन स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

स्कूल पहुंचने के लिए जर्जर रास्तों से गुजर रहे बच्चे

दरअसल, मेवा लाल चौक से मौना चौक के बीच कई सरकारी और निजी विद्यालय संचालित हैं. इस मार्ग पर निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह सड़क खोदकर मिट्टी डाल दी गई है और सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. ऐसे में बच्चों को इन्हीं जर्जर रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है. बरसात के बाद कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भर जाने से फिसलने और चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं.

मौना रोड के तीनों वैकल्पिक मार्ग भी बंद

मौना से मेवा लाल चौक जाने के लिए मौजूद तीन प्रमुख वैकल्पिक मार्ग भी सड़क और नाला निर्माण कार्य के कारण अवरुद्ध हैं. इससे अभिभावकों के साथ बाइक से आने वाले बच्चों और स्कूल वैन से पहुंचने वाले विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ गई है. कई स्कूल वैन निर्माण स्थल से पहले ही रुक जा रही हैं, जिसके बाद बच्चों को पैदल स्कूल तक जाना पड़ रहा है.

बारिश में और बिगड़ रही स्थिति

हल्की बारिश होने पर निर्माण क्षेत्र में कीचड़ फैल जाता है, जिससे आवागमन और अधिक मुश्किल हो जाता है. कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े गंदे होने के साथ चोट लगने का भी खतरा बना रहता है. इस कारण अभिभावकों की चिंता भी लगातार बढ़ रही है.

बाजार आने वाले लोगों को भी हो रही परेशानी

निर्माण कार्य वाले क्षेत्र में शहर की प्रमुख व्यावसायिक मंडियां भी स्थित हैं, जहां शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. मुख्य बाजार होने के कारण लोगों को निर्माण कार्य के बीच से होकर ही गुजरना पड़ रहा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां और आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है.

लोगों ने नगर निगम से की वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि निर्माण क्षेत्र से जुड़े जर्जर वैकल्पिक मार्गों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

Also Read : सारण : वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव, जानें नया शेड्यूल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat kiran himanshu

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >