छपरा में 8 साल से डबल डेकर फ्लाइओवर निर्माण से 700 से अधिक दुकानों पर असर, बाजारों का कारोबार 40-50% तक घटा

पिछले आठ वर्षों से शहर में बन रहा डबल डेकर फ्लाइओवर निर्माण की धीमी गति ने 700 से अधिक दुकानों को बुरी तरह प्रभावित किया है. बाजार क्षेत्रों में कारोबार 40-50% तक गिर गया है, जिससे दुकानदार और खरीदार दोनों परेशान हैं.

chhapra double decker bridge: शहर के तेलपा से सरकारी बस स्टैंड के बीच डबल डेकर फ्लाइओवर का निर्माण पिछले आठ वर्षों से चल रहा है. गांधी चौक, मेवालाल चौक, मौना चौक, सलेमपुर, नगरपालिका चौक और श्री नंदन पथ जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों से होकर गुजर रहे इस निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. बाजार वाले इलाकों में निर्माण में देरी का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है.

निर्माण कार्य के कारण बाजार वाले रूट की सड़कों को तोड़ दिया गया है. पाइलिंग के लिए जगह-जगह गड्ढे किये गये हैं. इससे सड़क की स्थिति जर्जर हो गयी है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. दुकानदारों का कहना है कि बारिश हो या सामान्य दिन, लोग अब इस रूट से आने-जाने से कतराने लगे हैं. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रमुख व्यावसायिक मंडियों में आने वाले खरीदारों की संख्या भी कम हुई है. स्थानीय कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में कारोबार 40 से 50 फीसदी तक घट गया है.

गांधी चौक से श्री नंदन पथ तक 650 से अधिक दुकानें

गांधी चौक से श्री नंदन पथ के बीच करीब 650 छोटी-बड़ी दुकानें हैं. इसी रूट में शहर की सबसे पुरानी किराना मंडी भी स्थित है. इसके अलावा मौना चौक की मसाला मंडी और सरकारी बाजार की सब्जी मंडी का कारोबार भी प्रभावित हुआ है.

डबल डेकर निर्माण से ठीक पहले मौना चौक और गांधी चौक के आसपास चार बड़े शॉपिंग मार्ट खोले गये थे. इनमें से दो शॉपिंग मार्ट निर्माण कार्य से उत्पन्न समस्याओं के कारण बंद होकर दूसरे इलाकों में शिफ्ट हो गये. सलेमपुर में इलेक्ट्रॉनिक सामान की थोक मंडी है. यहां भी पिछले दो-तीन वर्षों में निर्माण कार्य के कारण ग्राहकों की संख्या कम होने की बात दुकानदारों ने कही है.

ग्राहकों की कमी से 50 से अधिक दुकानें बंद

गांधी चौक, मेवालाल चौक और मौना चौक के इलाकों में पिछले तीन-चार वर्षों में 50 से अधिक दुकानें बंद हो गयी हैं. स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने वर्ष 2018 में गांधी चौक के पास मिठाई की दुकान खोली थी. उनके अनुसार दुकान के ठीक आगे पाइलिंग कर दी गयी थी, जिसके बाद अब तक मेंटेनेंस का काम नहीं हुआ. बरसात के दौरान गड्ढों से निकली मिट्टी के कारण रास्ते से चलना भी मुश्किल हो गया. इसके बाद उन्होंने अपनी दुकान बंद कर दी. मौना और गांधी चौक के पास खुले एक रेस्टोरेंट को भी छह महीने बाद बंद करना पड़ा.

थाना चौक-डाक बंगला रूट पर शिफ्ट हो रहे दुकानदार

करीब पांच साल पहले तक थाना चौक से डाक बंगला चौक के बीच शाम छह बजे के बाद सन्नाटा पसर जाता था. इस रूट पर मुख्य रूप से वाहनों का परिचालन होता था. लेकिन डबल डेकर निर्माण शुरू होने के बाद पुराने बाजार क्षेत्रों के कुछ दुकानदार अब इस रूट पर शिफ्ट हो रहे हैं. थाना चौक से डाक बंगला चौक के बीच वर्तमान में 60 से अधिक स्ट्रीट फूड की दुकानें चल रही हैं. वहीं पिछले दो वर्षों में इस इलाके में सात बड़े शॉपिंग मार्ट भी खोले गये हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >