अवैध वसूली के आरोप में डोरीगंज थाना के एएसआइ निलंबित

सारण पुलिस ने अवैध वसूली और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही के मामले में सख्त कार्रवाई की है. डोरीगंज थाना में कार्यरत सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

छपरा. सारण पुलिस ने अवैध वसूली और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही के मामले में सख्त कार्रवाई की है. डोरीगंज थाना में कार्यरत सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने बताया कि डोरीगंज थाना से प्राप्त प्रतिवेदन और निगरानी विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है. यह कार्रवाई डोरीगंज थाना क्षेत्र के मुसेपुर निवासी बबलू कुमार यादव द्वारा निगरानी विभाग, पटना को दिये गये एक आवेदन के आलोक में की गयी है. बबलू कुमार यादव ने एएसआइ अमित कुमार पर उनसे 50,000 रुपये की अवैध मांग करने और डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया था. निगरानी विभाग द्वारा चार नवंबर को की गयी सत्यापन जांच में ये आरोप सत्य पाये गये. जांच रिपोर्ट के आधार पर निगरानी थाना में अमित कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है. एसएसपी ने बताया कि एएसआइ अमित कुमार ने 12 नवंबर को 10 दिनों के आकस्मिक अवकाश का आवेदन दिया था, जिसे एसडीपीओ सदर कार्यालय से स्वीकृत नहीं किया गया था. इसके बावजूद, वह 17 नवंबर से बिना अनुमति अनुपस्थित हैं और उनका मोबाइल भी संपर्क से बाहर है. इस संबंध में डोरीगंज थाना में सनहा भी दर्ज किया गया है. एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने कहा कि इस प्रकार का आचरण पुलिस की छवि को धूमिल करता है और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही तथा मनमानी को दर्शाता है. प्राप्त प्रतिवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर, एएसआइ अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है. साथ ही, उन्हें सात दिनों के अंदर विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >