दिघवारा : छपरा-पटना मुख्य सड़क पर मटिहान फोरलेन चौराहे के समीप मंगलवार की दोपहर टेंपो के पलट जाने से उस पर सवार मैट्रिक की नौ परीक्षार्थी छात्राएं घायल हो गयीं. सभी परीक्षार्थी परीक्षा देने के बाद अपने घर लौट रही थीं. सभी को दिघवारा पीएचसी में भरती कराया गया,जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्राओं को पीएमसीएच रेफर कर दिया.
रेफर की गयी छात्राओं की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के मानुपुर निवासी शौकत अली की पुत्री सुमूल खातून व नेसारूल मुस्तफा की पुत्री नूरी खातून के रूप में हुई है, वहीं अन्य घायलों में इसी गांव के रोशन खातून, अंजूम तारा,रबिया खातून, तबस्सुम खातून, फरीदा खातून व रोशन खातून शामिल हैं. कन्या उच्च विद्यालय दिघवारा की मैट्रिक की ये सभी परीक्षार्थी मंगलवार को सोनपुर के रामसुंदर दास महिला कॉलेज से संस्कृत की परीक्षा देकर अपने घर मानुपुर लौट रही थीं.
वहीं एक दूसरी घटना में अवतारनगर थाने के बोधा छपरा के समीप टेंपो का अगला चक्का टूट जाने से टेंपो अनियंत्रित होकर सडक किनारे गढ्ढे में जा गिरा, जिससे टेंपो पर सवार चालक समेत लगभग आधा दर्जन परीक्षार्थी घायल हो गये. घायलों में चालक व दिघवारा निवासी राजेश चौधरी समेत राजा बाबू, आदित्य कुमार उर्फ छोटू, सागर राज, अजय कुमार आदि शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक दिघवारा जयगोविंद उच्च विद्यालय के नौ छात्र टेंपो पर सवार होकर छपरा के मेहियां स्थित होली फैमिली स्कूल नामक केंद्र से परीक्षा देकर दिघवारा लौट रहे थे. सभी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया.
