छपरा (सारण) : बालू का अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित करें. अवैध तरीके से बालू की ढुलाई करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करें. उक्त बातें सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में रविवार को कहीं.
उन्होंने कहा कि जिस थाना क्षेत्र में बालू का अवैध खनन और ढुलाई करने का मामला सामने आयेगा, वहां के थानाध्यक्ष को दंडित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि होली के त्योहार करीब होने के कारण पड़ोसी राज्य से तस्करी कर शराब लाने की घटना बढ़ी है. इस पर पैनी दृष्टि रखें. सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में शराब बनाने और बेचने का धंधा करने वाले लोगों के खिलाफ नियमित रूप से छापेमारी करें. उन्होंने कहा कि लंबित कांडो का अनुसंधान निर्धारित समय सीमा के अंदर करें. गिरफ्तारी वारंट तथा कुर्की जब्त वारंटो का तत्काल निष्पादन करें. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जख्म रिपोर्ट,
फोरेंसिक लैब रिपोर्ट के अभाव में जिन मामलों में अनुसंधान बाधित है, उन सभी मामलों में स्मार पत्र भेजकर रिपोर्ट प्राप्त करें. बैठक में नगर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रवि कुमार, भगवान बाजार थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक शंभू शरण सिंह, सदर पुलिस निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, मुफस्सिल पुलिस निरीक्षक राम सिध्देश्वर आजाद, एकमा पुलिस निरीक्षक हीरा लाल प्रसाद, एससी एसटी थानाध्यक्ष मनोज कुमार प्रसाद, रिविलगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार, डोरीगंज थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय, जलालपुर थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन समेत सभी पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद थे.
