जमानतीय धारा होने से जदयू नेता को गिरफ्तारी के बाद मिली जमानत
मामला पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने और कैमरा छीनने का
छपरा (सारण) : पुलिस अधीक्षक अनसुइया रणसिंह साहू के निर्देश के बाद पत्रकार संतोष कुमार गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने और कैमरा छीनने के मामले में आरोपित जदयू नेता दिनेश सिंह को नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार ने पटना से गिरफ्तार कर लिया.
बाद में जमानतीय धारा होने की वजह से पुलिस ने उन्हें जमानत दे दिया. बताते चले कि शुक्रवार की संध्या प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जदयू नेता भूमिगत हो गये थे. बताते चले कि समाहरणालय के सामने फूड विला होटल में शराब का कारोबार चलाये जाने का खुलासा होने पर उत्पाद विभाग की टीम होटल सील करने की कार्रवाई कर रही थी. होटल सील करने की कार्रवाई का कवरेज करने गये पत्रकार संतोष कुमार गुप्ता को जदयू नेता दिनेश ने रोक दिया. कैमरा और माइक छीन लिया. साथ ही जान से मारने की धमकी दी. घटना के समय उत्पाद अधीक्षक रेणु कुमारी सिन्हा भी मौजूद थी. होटल सील करने की कार्रवाई शुक्रवार को देर शाम की जा रही थी. गुरुवार की रात को उत्पाद विभाग की टीम ने होटल से शराब बरामद किया था.
