पल भर में राख हुई लाखों की संपत्ति

दुखद. अगलगी में पांच दुकानों के जले सामान, शॉर्ट-सर्किट की आशंका छपरा (सारण) : शहर के भगवान बाजार चौक के पास सोमवार की रात हुई भीषण अगलगी के कारण घंटों अफरा-तफरी मची रही. ठंड के इस मौसम में आस-पास के घरों में सो रहे लोग भी सड़क पर निकल आये. सड़क पर लोगों की भीड़ […]

दुखद. अगलगी में पांच दुकानों के जले सामान, शॉर्ट-सर्किट की आशंका

छपरा (सारण) : शहर के भगवान बाजार चौक के पास सोमवार की रात हुई भीषण अगलगी के कारण घंटों अफरा-तफरी मची रही. ठंड के इस मौसम में आस-पास के घरों में सो रहे लोग भी सड़क पर निकल आये. सड़क पर लोगों की भीड़ के कारण बड़े वाहनों का आवागमन अवरुद्ध हो गया. चौक से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. प्रभा रेस्ट हाउस में ठहरे लोगों में भी भगदड़ मच गयी. उन्हें सुरक्षित ढंग से बाहर निकाला गया. रात में सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी दो बजे रात को आग की लपटें देखकर प्रभा रेस्ट हाउस के कर्मियों के होश उड़ गये.
फायर ब्रिगेड ने दिखायी तत्परता : अगलगी की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के दस्ते ने काफी तत्परता दिखायी और तत्काल अग्निशमन वाहन के साथ फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची. इसके पहले भगवान बाजार थाने की टीम पहुंच चुकी थी. पुलिस के सहयोग से फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. आग पर काबू पाने में तत्परता दिखाये जाने की वजह से नहीं फैली और आस-पास की दुकानों को बचा लिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि समय पर फायर ब्रिगेड की टीम नहीं पहुंचती, तो आस-पास की दुकानों को काफी क्षति पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
शार्ट-सर्किट से लगी आग : प्रभा काॅम्प्लेक्स की पांचों दुकानों में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है. हालांकि पुलिस के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. आग लगने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है. पहले किस दुकान में आग लगी, यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है. रात को करीब दो बजे जब आग पूरी तरह फैलने लगी, तब रेस्ट हाउस के कर्मियों ने देखा. इसको लेकर कई तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है.
बरतें सावधानी : ठंड के मौसम में प्राय: अगलगी की घटनाएं बढ़ जाती हैं. इस वजह से सावधानी बरतने की जरूरत है. रात को दुकान बंद करते समय या घर में सोते समय आग और बत्ती को बुझा कर सोये. इसके प्रति लापरवाही बरतने पर जान माल की क्षति हो सकती है. ठंड से बचाव के लिए हीटर का प्रयोग, अलाव जला कर रखना नुकसानदेह हो सकता है. इससे घर में आग लग सकती है.
इस पर दें ध्यान
दुकान बंद करते समय मेन स्वीच से बिजली बंद करें
दुकान में जलती हुई अगरबत्ती नहीं छोड़ें
विद्युत वायरिंग की जांच समय-समय पर कराते रहें
मोमबती-लालटेन या गैसबती जला कर बंद दुकान में नहीं छोड़ें
घर में सोने के पहले किचेन की गैस बंद कर दें
बेडरूम में हीटर चालू कर नहीं सोयें
अलाव जला कर सोते समय कमरे में नहीं रखें
खटाल या घर के किसी भी स्थान पर रात में जलता हुआ अलाव नहीं छोड़ें
झोंपड़ीनुमा घरों में ढिबरी-लालटेन जला कर नहीं सोयें
खाना पकाने के बाद चूल्हे की आग बुझा दें
जलते हुई आग रखकर नहीं सोयें
क्या कहते हैं अधिकारी
ठंड के समय आग से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. सोते समय आग, बत्ती, बिजली को बंद कर सोना चाहिए. खासकर किचेन में रसोई गैस बंद कर देनी चाहिए. ऐसा नहीं करने से जान- माल की क्षति होने की आशंका रहती है.
संतोष कुमार पांडेय, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, सारण
अगलगी की सूचना दर्ज कर ली गयी है और जांच की जा रही है. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है.
सुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, भगवान बाजार थाना, छपरा, सारण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >