छपरा (सारण) : अगर आप अपना मकान किराये पर दे रहे हैं तो, सत्यापन जरूर करा लें. नहीं तो, आपके मकान में शराब का कारोबार होते हुए पाया गया तो मकान से हाथ धोना पड़ सकता है. मकान में रहने वाले किरायेदार अगर अपराधी निकले तो, मकान मालिक पर अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में कार्रवाई हो सकती है.
इस आशय का आदेश पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्गत किया है और किराये पर मकान देने वालों को आगाह करने का निर्देश दिया है. मकान में रहने वाले तथा किसी तरह व्यवसाय करने वालों का सत्यापन करने को कहा गया है. इसके लिए वैसे सभी मकान मालिक अपने संबंधित थाने में पुलिस को किरायेदारों और मकान किराये पर दिये जाने की सूचना देंगे. किरायेदार बदलने तथा किरायेदार को रखने के पहले पुलिस से सत्यापन कराना आवश्यक बताया गया है.
मकान मालिकों पर होगी कार्रवाई : जिले में जिन मकान व दुकान से पुलिस ने शराब बरामद की है, उस भवन के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. खासकर किराये पर मकान, दुकान देने के पहले पुलिस से सत्यापन नहीं कराने वालों के खिलाफ शराब कारोबारियों को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है. रविवार को नगर थाना क्षेत्र के रौजा पोखरा स्थित एक मकान से पुलिस ने 450 कार्टून विदेशी शराब बरामद की थी.
इसके पहले नगर थाना क्षेत्र के जोगिनिया कोठी स्थित एक मकान से भी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया गया था. इसी क्रम में भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मछली हट्टा से एक मकान से पुलिस ने काफी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की थी. इसके अलावा दाउदपुर, एकमा, सोनपुर, बनियापुर थाना क्षेत्रों से पुलिस ने शराब बरामद की थी. इन सभी मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. जिससे मकान-दुकान मालिकों की बेचैनी व परेशानी बढ़ गयी है.
