क्लास एक तक की पढ़ाई 17 तक बंद

सर्दी का असर . डीएम ने दो से 8 तक की कक्षाओं को 10 बजे से चलाने का दिया निर्देश छपरा (सदर) : जिले में विगत 12 दिनों से चल रहे शीतलहर के मद्देनजर अपर समाहर्ता सह प्रभारी डीएम अरुण कुमार ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल असर के मद्देनजर विद्यालयों के […]

सर्दी का असर . डीएम ने दो से 8 तक की कक्षाओं को 10 बजे से चलाने का दिया निर्देश

छपरा (सदर) : जिले में विगत 12 दिनों से चल रहे शीतलहर के मद्देनजर अपर समाहर्ता सह प्रभारी डीएम अरुण कुमार ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल असर के मद्देनजर विद्यालयों के पठन-पाठन के समय में परिवर्तन किया है. डीएम ने नर्सरी से प्रथम वर्ग की कक्षाओं को जहां 17 दिसंबर तक स्थगित रखने का निर्देश दिया है. वहीं वर्ग दो से 8 तक की कक्षाओं को अगले आदेश तक 10 बजे से प्रारंभ करने का निर्देश दिया है. डीएम के ओएसडी कुमार विनोद
के अनुसार यह आदेश जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के संचालकों के अनुपालन के लिए लिया गया है. आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी. वहीं जिले के शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा 114 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था का दावा किया जा रहा है. हालांकि कई प्रखंडों में संबंधित पदाधिकारी अलाव की महज खानापूर्ति कर रहे हैं.
दिन में लोगों के लिए अलाव बना सहारा
ठंड बढ़ने के साथ गुरुवार को हर जगह लोग अलाव से ठंड का मुकाबला करते दिखे. अलाव के पास लोगों की काफी भीड़ दिखी और राजनीतिक चर्चा से माहौल गर्म होता दिखा. आम से लेकर खास लोगों ने अलाव की गरमी के सहारे ठंड का सामना किया.बहुसंख्यक लोग शाल,स्वेटर समेत ऊनी कपड़ों से चिपके नजर आये. स्कूली विद्यार्थियों के अलावे कोचिंग जाने वाले विद्यार्थी भी ठंड से ठिठुरते मिले. कुहासा के कारण दोपहर बारह बजे तक वाहन हेड लाइट के सहारे गंतव्यों की ओर जाते मिले.
कुहासा से सड़क के वाहनों के अलावे ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगता दिखा. छपरा पटना मार्ग के अलावे शीतलपुर परसा व मानपुर गड़खा पथ पर भी गाड़ियाँ चींटी की माफ़िक सरकती दिखी. ठंड के कारण प्रखंड अधीन क्षेत्रों के सभी प्ले स्कूल बंद हो गये हैं वही सरकारी स्कूलों में भी वर्ग एक की छुट्टी हो जाने से छोटे बच्चों को स्कूल जाने से राहत मिल गयी है.वहीं निजी व सरकारी विद्यालयों के अन्य कक्षाओं के खुले रहने के कारण बच्चों को स्कूलों तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ी.ऐसे बच्चे ठंड के बीच ठिठुरते हुए स्कूलों की ओर जाते मिले.
छपरा (सारण) : ठंड व कोहरे की मार से ट्रेनों की परिचालन व्यवस्था गुरुवार को भी बेपटरी रही. करीब दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का आवागमन घंटों विलंब से हुआ. पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन विलंबित रहने से यात्री परेशान रहे. ट्रेनों के इंतजार में यात्री ठंड में ठिठूरते रहे. लंबी दूरी के महत्वपूर्ण ट्रेनों के अत्यधिक विलंबित रहने के कारण रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया है. एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को स्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है.
विलंबित रही यह ट्रेनें
छपरा- टाटा एक्सप्रेस – 4 घंटा
टाटा- छपरा एक्सप्रेस – 6 घंटा
डाउन उत्सर्ग एक्सप्रेस – 7 घंटा
सियालदह-बलिया एक्सप्रेस – 2 घंटा
छपरा-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस-16 घंटा
अप उत्सर्ग एक्सप्रेस- 2 घंटा
अप मौर्य एक्सप्रेस – 4 घंटा
अप आम्रपाली एक्सप्रेस – 7 घंटा
डाउन मौर्य एक्सप्रेस – 2 घंटा 45 मिनट
डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस – 5 घंटा
जनसेवा एक्सप्रेस – 7 घंटा
– ग्वालियर मेल – 5 घंटा
– अप बिहार संपर्क क्रांति – 3 घंटा
दिघवारा : प्रखंड अधीन क्षेत्रों में गुरुवार को तापमान में काफी गिरावट दिखी और शहरी व ग्रामीण इलाकों में हर कोई ठंड से परेशान होता नजर आया. ठंड बढ़ने के कारण लोगों को खूब परेशानी हुई एवं हर किसी ने कंपकपी का एहसास किया और कई जगहों पर लोग अलाव से चिपके नजर आये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >