चार हिरासत में दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
मढ़ौरा : गौरा ओपी क्षेत्र के रामपुर में पुलिस ने दो कट्टे, चार कारतूस और दो बम बरामद किया है. पुलिस की सक्रियता से रामपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष होने से बच गया. बताया जाता है कि वीरेंद्र कुंवर और नंद किशोर कुंवर के बीच कई बार गंभीर रूप से मारपीट हुई है.
दोनों पक्षों की ओर से हथियारों का जमावड़ा किया गया था. इसकी सूचना ग्रामीणों ने गौरा ओपी को दी. पुलिस ने छापेमारी कर वीरेंद्र कुंवर के घर के पास छुपा कर रखे गये दो कट्टे, चार कारतूस और दो बम बरामद किया. वहीं, घटनास्थल से चार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बरकरार है.
पुलिस हथियार छुपे होने की संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है. गौरा ओपी प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया की गिरफ्तार लोगों से पूछताछ चल रही है. इस मामले में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गयी. रामपुर में पुलिस कैंप कर रही है. घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को भी दे दी गयी है.
