पहल . 46 परिवारों को भेजी गयी राशि
दिघवारा : प्रखंड के बाढ़पीड़ित परिवारों के लिए एक अच्छी खबर है,अब बाढ़ राहत की राशि पाने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा क्योंकि बाढ़पीड़ित परिवारों के खातों तक आरटीजीएस से राशि भेजने का काम शुरू हो गया है . इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के बाढ़ग्रस्त प्रखंडों में दिघवारा में सबसे पहले बाढ़पीड़ित 46 परिवारों के खातों तक आरटीजीएस के तहत राशि भेजी गयी है. कुरैया पंचायत के अंबेडकर नगर गांव के 46 लोगों के खातों तक प्रति परिवार 6 हजार की राशि पहुंच गयी है. सोनपुर एसडीओ मदन कुमार ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों व नगर के वार्डों से जैसे जैसे प्रभावित लोगों की सूची प्राप्त होगी वैसे वैसे आरटीजीएस के तहत उनलोगों के खातों में राशि भेजने का काम जारी रहेगा.
कुमार ने कहा कि प्रभावित लोगों को दैनिक कार्यों के लिए पैसे की आवश्यकता है लिहाजा उनलोगों के खातों तक राहत की राशि अतिशीघ्र भेजना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. एसडीओ श्री कुमार ने त्वरित कार्य करने के लिए बीडीओ राजमीति पासवान,सीओ अजय शंकर व पंचायत के मुखिया संजय सिंह के प्रयास को सराहा है.
