लग्न व ईद साथ होने से बाजार में उमड़ रही भीड़
मजबूत हो रहा सामाजिक सौहार्द
छपरा : रमजान माह का अंतिम दौर है. मौसम भी सुहाना हो गया है. ऐसे में ईद की तैयारी शबाब पर है. बाजारों व दुकानों पर भीड़ जुटने लगी है. मर्द, औरत व बच्चों की भीड़ मार्केट में बढ़ने से गहमा-गहमी व रौनक बढ़ गयी है. ज्यादा भीड़ सेवइयों के स्टॉल व रेडीमेंड कपड़ों की दुकानों पर देखी जा रही है.
दिख रहा गंगा-जुमनी संस्कृति का नजारा : हथुआ मार्केट के तनजेब कुरता महल व बंधन के प्रोपराइटर बबलू राही ने बताया कि भीषण गरमी के कारण बाजार शुरू में नहीं चला. व्यवसायी इंतजार करते रहे. परंतु अब मौसम ठंडा होने से सेल में तेजी आयी है. मगर इस वर्ष की खास बात यह है कि लग्न व ईद एक साथ होने से गंगा-जमुनी तहजीब का नजारा दिख रहा है.
दुकानदार भी नहीं समझ पा रहे हैं कि कस्टमर ईद की तैयारी कर रहा है या लग्न की. इससे सामाजिक सौहार्द मजबूत हो रहा है.
बाजीराव की मस्तानी की धूम: कपड़ों की दुकान पर इस वर्ष रणवीर सिंह की हिट फिल्म बाजीराव मस्तानी के ड्रेस की धूम मची हुई है. महिलाएं व लड़कियां जहां इसी प्रकार के शलवार-सूट की मांग कर रही हैं, वहीं नवयुवक वेलकम में अक्षय कुमार द्वारा पहने गये शर्ट व पैंटनुमा पायजामा की खूब डिमांड कर रहे हैं. वहीं नये एराइवर बैलून पायजामा वाले पठान सूट की भी खूब मांग हो रही है. महिलाओं में पाकिस्तानी स्टाइल में कराची नाम से बिक रहे शलवार- सूट की भी अच्छी क्रेज है.
सेवइओं व टोपियों के स्टॉल सजे
शहर के साहेबगंज, खनुआ, सरकारी बाजार, गुदरी, भगवान बाजार आदि स्थानों पर सेवइयों, टोपियों व इत्र के आकर्षक व सुंदर स्टॉल सज गये हैं. टोपी व्यवसायी मौलाना जाकिर ने बताया कि इस साल टोपियो की डिमांड कम है जिससे सेल डाउन है. मगर सफ वाले जाएनमाज की बिक्री बढ़ी है.
लोग उसे मसजिदों को प्रदान करते हैं. सेवई व्यवसायी मो चांद ने बताया कि बनारस का तैयार किया हुआ कियामी या रूमाली अपने अंदाज में बिक रही है, तो अधिक लोग रेडीमेंड लच्छा सेवई की ओर आकर्षित हैं. मार्केट में ब्रांडेड पैक किये हुए लच्छे भी उपलब्ध हैं.
