कैसे मिलेगी जलजमाव से मुक्ति

परेशानी. नाला है आंगन से ऊंचा, सड़क बनी है नाले से नीचे रेलवे आवासों में जलजमाव की समस्या बनी विकराल छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन रेलवे कॉलोनी के निवासियों को जलजमाव से कैसे मुक्ति मिलेगी. यहां आंगन से नाले ऊंचा है और सड़क नाले से नीचे है. बरसात में मिनी बाढ़ की […]

परेशानी. नाला है आंगन से ऊंचा, सड़क बनी है नाले से नीचे

रेलवे आवासों में जलजमाव की समस्या बनी विकराल
छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन रेलवे कॉलोनी के निवासियों को जलजमाव से कैसे मुक्ति मिलेगी. यहां आंगन से नाले ऊंचा है और सड़क नाले से नीचे है. बरसात में मिनी बाढ़ की समस्या से जूझ रहे रेलवे कॉलोनी के नागरिकों के लिए आनेवाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है. दरअसल कॉलोनी में नाला का निर्माण गैर योजनाबद्ध तरीके से कराया जा रहा है. नाला निर्माण कराने का कोई मास्टर प्लान नहीं है.
इतना ही नहीं नाला के साथ सड़क व आवासों की ऊंचाई का भी ख्याल नहीं रखा गया है. लाखों रुपये की लागत से रेलवे कॉलोनी में नाला का निर्माण कराया जा रहा है. नाला को गहरा करने के बजाय रेलवे आवासों के आंगन से चार फुट ऊंचा कर दिया गया है. सड़क को नाला से दो से तीन फुट नीचे छोड़ दिया गया है. इस वजह से इस बरसात में कॉलोनीवासियों को रेलवे आवासों में रहना मुश्किल हो सकता है.
सड़कों की हालत हुई बदहाल : रेलवे कॉलोनी के पूर्वी इलाके में नाला का निर्माण कराने के लिए सड़कों पर जगह-जगह कचरा निकाल कर ठेकेदार द्वारा रखे जाने के कारण स्थिति बद से बदतर हो गयी है. जगह-जगह सड़क पर निर्माण सामग्री रख कर आवागमन बाधित कर दिया गया है. सड़क पर ही निर्माण सामग्री तैयार की जा रही है, जिससे कॉलोनीवासियों को पैदल आवागमन में भी बाधा का सामना करना पड़ रहा है.
आवासों में जमा हो जाता है बारिश का पानी : रेलवे कॉलोनी के नाला की जीर्ण-शीर्ण स्थिति के कारण कई वर्षों से कॉलोनीवासी जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं. सड़कों पर गंदा पानी का बहाव जगह-जगह हो रहा है. बरसात होने पर नाले का पानी नाली के रास्ते आवासों के आंगन में चला जाता है और आंगन से होकर कमरों में भी प्रवेश कर जाता है. उसके साथ विषैले कीटाणु भी आवासों में आ जाते हैं. 50 वर्ष पहले निर्मित आवासों की मरम्मत भी एक दशक से नहीं हुई है. रेलवे मजदूर यूनियन की ओर से शिकायत के बाद नाला का निर्माण शुरू हुआ है.
क्या कहते हैं अधिकारी
गलत ढंग से हो रहे निर्माण कार्य की जांच करायी जायेगी और इसके लिए जिम्मेवार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी. संबंधित विभाग को इस संबंध में आवश्यक निर्देश रेलवे प्रशासन द्वारा दिया गया है.
अशोक कुमार, रेलवे जनसंपर्क अधिकारी,वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे
घटिया किस्म की सामग्री का हो रहा है प्रयोग
रेलवे कॉलोनी में कराये जा रहे नाले के निर्माण में मानक व गुणवत्ता का अनुपालन नहीं हो रहा है. घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है. प्राक्कलन में किये गये प्रावधान के अनुसार अन्य सामग्री नहीं लगायी जा रही है. कॉलोनी में गलत ढंग से हो रहे नाला निर्माण के कारण जलजमाव की समस्या से गहराने की आशंका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >