राहत . छपरा कचहरी स्टेशन पर जुलाई में शुरू हो जायेगा फुट ओवरब्रिज, दूर होगी परेशानी
सात ट्रेनें खड़ी होती हैं बिना प्लेटफाॅर्म के
प्रतिदिन डेढ़ से दो मीटर पटरी पार करने के दौरान यात्रियों को होना पड़ता है चोटिल
जान जोखिम में डाल कर रेल लाइन पार कर बिना प्लेटफाॅर्म के छपरा कचहरी स्टेशन पर प्रतिदिन ट्रेन पकड़नेवाले हजारों यात्रियों को अब राहत मिलने वाली है. कचहरी स्टेशन परिसर में प्लेटफाॅर्म नंबर एक से प्लेटफाॅर्म नंबर तीन तथा चार पर जाने के लिए अब उपरि गामी पुल जुलाई माह में शुरू हो जायेगा.
छपरा (सदर) : उपरि गामी पुल का निर्माण कार्य 70 फीसदी पूरा हो चुका है. विभागीय अधिकारी की मानें तो पुल के निर्माण में ज्यादा-से-ज्यादा लोहे का प्रयोग किया गया है. एक-दो दिनों में सीढ़ी एवं फर्श की ढलाई का कार्य शुरू हो जायेगा. छपरा कचहरी स्टेशन के डाउन लाइन पर दो एक्सप्रेस समेत सात यात्री ट्रेनें रुकती हैं, परंतु पैदल उपरि गामी पुल जो पूर्व में था, उसे अयोग्य करार दिये जाने के बाद रेलवे ने बंद कर दिया था.
फलत: डाउन लाइन से गुजरनेवाली सभी ट्रेनों के यात्रियों को एक नंबर प्लेटफाॅर्म से ही डेढ़ से दो मीटर नीचे उतर कर डाउन लाइन में जाने तथा वहां पर बिना प्लेटफाॅर्म के ही खड़ी होनेवाली ट्रेनों को पकड़ने की मजबूरी है. उधर, प्लेटफाॅर्म के निर्माण का कार्य भी जोरों से चल रहा है. ऐसी स्थिति में ट्रेन को पकड़ने के लिए खास कर महिला एवं बुजुर्ग यात्रियों के साथ-साथ बच्चों को भारी परेशानी होती है. इस दौरान प्रतिदिन किसी-न-किसी यात्री को चाेट लग जाया करती है. वहीं यात्री रेलवे के सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर रेल पटरियों को पार करने के लिए विवश हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
छपरा कचहरी स्टेशन स्थित निर्माणाधीन पैदल उपरि गामी पुल का निर्माण कार्य जुलाई माह में पूरा हो जायेगा. निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही यात्रियों को प्लेटफाॅर्म नंबर तीन तथा चार पर जाने में काफी सहूलियत होगी. रेलवे लाइन पार करने की मजबूरी नहीं होगी.
संजीव कुमार सुमन, कार्य निरीक्षक, पूर्वोत्तर रेलवे, छपरा
पैदलगामी पुल के बनने से यात्रियों को होगी सुविधा
रेल प्रशासन के अनुसार जुलाई माह में यह पुल यात्रियों के लिए शुरू हो जायेगा. इसके संबंध में प्रभात खबर द्वारा समय-समय पर यात्रियों की परेशानी से संबंधित खबर भी प्रकाशित की जाती रही है. इस पुल के बन जाने के बाद यात्रियों को बिना बाधा के प्लेटफॉर्म नंबर एक से तीन तथा चार पर जाने में सहूलियत होगी.
इन ट्रेनों को पकड़ने के लिए यात्री पार करते है रेलवे लाइन
डाउन लाइन पर खड़ी होनेवाली इन ट्रेनों से राज्य या राज्य के बाहर जानेवाली सात ट्रेनों के यात्री जान जोखिम में डाल कर पटरी पार करते हैं. ये ट्रेनें हैं.
55542 फुलरिया-हाजीपुर सवारी गाड़ी
55008 गोरखपुर-पाटलिपुत्र यात्री गाड़ी
63285 छपरा-सोनपुर यात्री गाड़ी
75222 छपरा -सोनपुर यात्री गाड़ी
15028 गोरखपुर-हटिया एक्सप्रेस
14006 नयी दिल्ली-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस
134 पुलिस पदाधिकारियों का होगा स्थानांतरण
