आक्रोश. नहर निर्माण में गड़बड़ी पर उग्र थे ग्रामीण
घटना की जानकारी पाकर विभाग के जेइ ने किया निर्माण स्थल का निरीक्षण
दाउदपुर(मांझी) : एकमा गंडक शाखा से निकली एक नहर शाखा के एकमा-कुमना के बीच दाउदपुर के बेलदारी गांव के समीप बन रहे सड़क व नहर पुल में अनियमितता को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया तथा सुपरवाइजर और ठेकेदार को बंधक बनाया. इस घटना की जानकारी विभाग के जेइ नंदन को मिली, तो आननफानन में घटनास्थल पर पहुंच कार्यों का निरीक्षण किया. ग्रामीणों का आरोप था कि सुपरवाइजर और ठेकेदार की मिलीभगत से पुल में रिंग फ्लॉवर का काम चल रहा है,
जिसमें पुल के ग्राउंड को जोड़ कर बीच में केवल ईंट भरकर कम मात्रा में सीमेंट व बालू का घोल मारा जा रहा है. इसे देख ग्रामीण आक्रोशित हो गये और पुल का काम तत्काल रोक दिया. सूचना मिलने पर जेइ नंदन ने सुपरवाइजर पप्पू सिंह तथा ठेकेदार मनोज को कड़ी फटकार लगायी. वहीं इस संबंध में विभाग के जेइ ने अविलंब तोड़ कर फिर से निर्माण करने का निर्देश दिया. उधर सुपरवाइजर व ठेकेदार का कहना है कि विगत चार महीने से नहर पर काम चल रहा है,
जहां विभाग के पदाधिकारियों में पहली बार जेइ नंदन साइड पर पहुंचे. समय से मैटेरियल उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण काम को पूरा करने में परेशानी होती है. घटना की सूचना पंचायत के पूर्व मुखिया जयप्रकाश सिंह को मिली, तो घटनास्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों और विभागीय जेइ के बीच मामले को शांत कराया.
