छपरा (सारण) : ट्रेनों का परिचालन बाधित करनेवाले तीन स्वर्णाभूषण व्यवसायियों के खिलाफ रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी ने गिरफ्तारी का वारंट शुक्रवार को जारी किया है. प्रभारी निरीक्षक डीके शर्मा के निर्देश पर उपनिरीक्षक ओपी मीणा ने पहचान किये गये तीनों व्यवसायियों के खिलाफ वारंट निर्गत करने के लिए आवेदन दाखिल किया था.
रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी ने ओमप्रकाश गुप्ता, राजेशनाथ प्रसाद और निर्भय कुमार गुप्ता के खिलाफ वारंट निर्गत किया है. बताते चलें कि 30 अप्रैल को छपरा कचहरी स्टेशन पर व्यवसायियों ने कई ट्रेनों का परिचालन बाधित कर प्रदर्शन किया था. उपनिरीक्षक ओपी मीणा ने बताया कि शेष आंदोलनकर्मियों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है. वारंट निर्गत होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने तीनों स्वर्णाभूषण व्यवसायियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
