पानी को लेकर विवाद में गये थे बीच-बचाव करने
छपरा (सारण) : छपरा जंकशन पर पानी के लिए हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने गये फकूली पंचायत के मुखिया पद के प्रत्याशी धीरज कुमार की चाकू गोद कर हत्या कर दी गयी. घटना सोमवार की दोपहर की है. इस दौरान दो युवक जख्मी हो गये. रेल थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि बाघ एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के लिए फकूली गांव के बैजनाथ महतो अपने बेटों राजेश कुमार महतो और रोशन कुमार महतो साथ आये थे.
इसी दौरान नल पर पानी भरने को लेकर छात्रों से दोनों भाइयों का विवाद हो गया. छात्रों की संख्या अधिक थी. छात्रों ने दोनों भाइयों की पिटाई कर दी. मुफस्सिल थाने के जटुआ गांव के साधु राय के पुत्र धीरज कुमार भी किसी को स्टेशन छोड़ने के लिए आये थे. जब वह दोनों भाइयों की पिटाई होते देखा तो बीच-बचाव करने गया. इसी दौरान चाकू मार कर उसे घायल कर दिया गया़
अस्पताल ले जाया गया़ वहां उसकी मौत हो गयी. इस घटना में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फकूली गांव के बैजनाथ महतो का पुत्र राजेश कुमार महतो और रोशन कुमार महतो घायल है. धीरज कुमार फकूली पंचायत से मुखिया पद के प्रत्याशी थे.
