तनाव . बकाया पैसा मांगने पर हुई मारपीट
थाना क्षेत्र के शीतलपुर बाबूटोला गांव में रविवार की देर रात्रि दूध के बकाये पैसे मांगने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. मारपीट की घटना में लाठी-डंडे भी चले. इस बीच एक पक्ष ने डेयरी फार्म में रखे एसिड से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. एसिड हमले में एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि दूसरे पक्ष के भी दो लोग लाठी-डंडे के वार से घायल हो गये.
मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष के दो लोग हुए घायल
दिघवारा थाना क्षेत्र की शीतलपुर पंचायत के बाबू टोला गांव की घटना
दोनों पक्षों के सभी आठ घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर
दिघवारा : थाना क्षेत्र के शीतलपुर बाबूटोला गांव में रविवार की देर रात्रि दूध के बकाये पैसे मांगने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. मारपीट की घटना में लाठी-डंडे भी चले. इस बीच एक पक्ष ने डेयरी फार्म में रखे एसिड से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. एसिड हमले में एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि दूसरे पक्ष के भी दो लोग लाठी-डंडे के वार से घायल हो गये. एसिड हमले में घायल लोगों में गजेंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, सन्नी कुमार, विशाल कुमार, विकास कुमार व उपनेश कुमार तथा दूसरे पक्ष के रामप्रीत सिंह व रविकांत सिंह शामिल हैं .
पुलिस ने सभी घायलों को दिघवारा सामुदायिक अस्पताल में भरती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सबों को पीएमसीएच भेज दिया गया. पुलिस ने एसिड अटैक से घायल पक्ष के जीतेंद्र सिंह की पत्नी गनीता देवी के बयान पर थाने में कांड संख्या 80/16 के तहत केस दर्ज किया है. दर्ज प्राथमिकी में उसने बताया है कि रामप्रीत सिंह की सुधा डेयरी के सेंटर पर दूध का पैसा बकाया था. बकाये पैसा की मांग मेरे पति द्वारा की गयी थी, लेकिन पैसा नहीं देने की बात कह मारपीट करने लगे व परिजनों पर एसिड से हमला कर दिया.
दर्ज प्राथमिकी में रामप्रीत सिंह, रविभूषण सिंह व शशिभूषण सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि समाचार प्रेषण तक घायल दूसरे पक्ष द्वारा फर्दबयान दर्ज नहीं हो सका था. थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस जल्द ही नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी.
