घायल बेटी को देखने गये पिता की हार्ट अटैक से मौत
दिघवारा : किस्मत के आगे किसी की एक नहीं चलती है और वही होता है जो किस्मत में लिखा होता है. ऐसी ही एक ह्रदय विदारक घटना के घटित होने से नगर के चकनूर के एक परिवार में मातम पसर गया है. सड़क दुर्घटना में घायल अपनी बेटी को देखने गये उसके पिता अपनी बेटी […]
दिघवारा : किस्मत के आगे किसी की एक नहीं चलती है और वही होता है जो किस्मत में लिखा होता है. ऐसी ही एक ह्रदय विदारक घटना के घटित होने से नगर के चकनूर के एक परिवार में मातम पसर गया है. सड़क दुर्घटना में घायल अपनी बेटी को देखने गये उसके पिता अपनी बेटी की तकलीफ को सह नहीं सके और हार्टअटैक से पिता की मौत हो गयी. मृतक की पहचान वार्ड 7 निवासी 60 वर्षीय रामनारायण सिंह के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार को चकनूर के रामनारायण सिंह की बेटी पूजा जब ट्यूशन पढ़ने जा रही थी तभी टेंपो की ठोकर से पूजा गंभीर रूप से घायल हो गयी और उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया था. बाद में बेटी को देखने गये पिता की हार्टअटैक से मौत हो गयी. घरवाले अचानक आये सदमे से काफी मर्माहत दिखे. परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था.
पिता की मौत की जानकारी बेटी को नहीं दी गयी: पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट पूजा के सिर में गंभीर चोट आयी है. वहीं उसका बाया पैर भी टूट गया है, जिसमें जल्द ही रॉड लगाया जायेगा. डॉक्टरों की सलाह के बाद परिजनों द्वारा पूजा को उसके पिता की मौत की जानकारी नहीं दी गयी है.
बेहतर नहीं है परिवार की आर्थिक स्थिति : मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है. रामनारायण अपने तीन बेटों के साथ रांची की पिस्का नगरी में सामान्य होटल चलाते थे और लगभग 10 दिन पहले ही चकनूर आये थे, मगर यही यात्रा उनके जीवन की अंतिम यात्रा बन गयी.
पुत्र ने दी पिता को मुखाग्नि : मृतक रामनारायण को उसके बड़े पुत्र राकेश ने मुखाग्नि दी है. पति के असामयिक निधन और बेटी पूजा के जीवन व मौत से जूझने जैसे दोहरे सदमे में पड़ी शारदा देवी अपनी बदकिस्मती को कोसती नजर आयी.