छपरा : विधानसभा चुनाव के समय तकनीकी विकास को वचनबद्ध नीतीश अब अपराधियों को सदन की सुरक्षा दे अपराध की तकनीक का विकास कर रहे हैं. राज्य में सत्ताधारी दलों जदयू, राजद व कांग्रेस ने मिलकर जनतंत्र की नयी परिभाषा गढ़ दी है. भाजपा को धाेखा देने के बाद लालू की शरण में आकर पुन: सत्तासीन होनेवाले नीतीश कुमार ने लालू के साथ राज्य की जनता को यह भरोसा दिलाया था कि राज्य में भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी.
मगर हुआ ठीक इसके उलटा. राष्ट्रीय जनता दल हो या फिर जनता दल यूनाइटेड दोनों के नेताओं और उनके परिजनों, करीबियों ने खुल कर अपने बाहुबल का प्रदर्शन शुरू कर दिया है. गया में 19 वर्षीय व्यवसायी पुत्र आदित्य सचदेवा की मामूली कहा-सुनी के बाद गोली मार कर हत्या कर देना इसी की एक कड़ी है. उक्त बातें केंद्रीय कौशल विकास उद्यमिता स्वतंत्र प्रभार सह संसदीय कार्य राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहीं.
