छपरा (सारण) : पंचायत चुनाव 2016 के चौथे चरण में शुक्रवार को नक्सल प्रभावित पानापुर एवं मशरक में वोट पड़े. स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न हुआ. कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है. डीएम दीपक आनंद एवं एसपी पंकज कुमार राज पूरे दिन पानापुर एवं मशरक के मतदान केन्द्रों पर घूमते रहे और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त वातावरण में पंचायत चुनाव संपन्न कराने का इतिहास बन गया.
डीएम एवं एसपी की प्रशासनिक मुश्तैदी के कारण गड़बड़ी की मंशा रखने वालों की एक न चली और प्रशासन ने स्वच्छ, निष्पक्ष मतदान करा कर मतदाताओं का मनोबल बढ़ाया. वोटरों में उत्साह था. यहीं कारण है कि पानापुर में 58 और मशरक में 57 प्रतिशत वोट पड़े, जो पिछले चरणों के वोट प्रतिशत से अधिक है. वोट प्रतिशत का यह आंकड़ा अनुमानित है और समाचार लिखे जाने तक कई मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी लाइन लगी हुई थी.
पानापुर में सात बजे पूर्वाह्न से चार बजे अपराह्न तक तथा मशरक में सात बजे पूर्वाह्न से पांच बजे अपराह्न तक मतदान हुआ. वहीं मशरक की अरना पंचायत के मतदान संख्या 53, प्राथमिक विद्यालय उर्दू पर एक पीठासीन पदाधिकारी की गिरफ्तारी से संबंधित सोशल मीडिया पर चलायी जा रही खबर को डीपीआरओ बीके शुक्ल ने महज अफवाह बताया है.
उन्होंने बताया कि वास्तव में उक्त मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी कार्य करने में सक्षम प्रतीत नहीं हो रहे थे. इसलिए सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भयमुक्त वातावरण में चुनाव कराने हेतु एवं जोनल दंडाधिकारी की मांग पर प्रखंड रिर्जव से एक अतिरिक्त पीठासीन पदाधिकारी को उक्त मतदान केंद्र पर पूर्व से प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारी के सहयोग के लिए भेजा था, जिसे गलत खबर के रूप में प्रचारित किया गया.
