प्रभात खबर में रेलवे ओवरब्रिज की जर्जरता को लेकर छपी थी खबर
ट्रेन गुजरने पर गिरता था जर्जर पुल का टुकड़ा,कई यात्री हो चुके थे चोटिल
दिघवारा(सारण) : सोनपुर-छपरा रेलखंड के मध्य दिघवारा स्टेशन पर कई दशक पूर्व से बने रेलवे के ओवरब्रिज की मरम्मति का काम शुरू हो गया है.वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े इस ओवरब्रिज की मरम्मति का कार्य इस माह के अंत तक पूरा भी हो जायेगा. रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि ओवरब्रिज पर सिर्फ पैदल चलने वाले मार्ग को तोड़ कर ढाला जायेगा,
शेष कंस्ट्रक्शन वही रहेगा. बताते चलें कि ओवरब्रिज की जर्जरता को लेकर प्रभात खबर ने कई बार खबरें प्रकाशित कर हादसे की आशंका जाहिर की थी. ट्रेनों के गुजरने वक़्त कई बार जर्जर ओवरब्रिज का मलबा गिरने से भी कई रेलयात्री चोटिल भी हुए थे, जिसके बाद ब्रिज की मरम्मति की मांग जोर पकड़ने लगी थी.
उधर, ओवरब्रिज का मरम्मति कार्य शुरू होने से ब्रिज पर यात्रियों के आवागमन को रोक दिया गया है, जिससे रेलयात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. प्रतिदिन दिन भर ट्रेनों पर चढ़ने के लिए एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म तक जाने में बुजुर्ग व महिला यात्रियों समेत अन्य यात्रियों को रेलवे लाइन के बीच से गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गयी है.
