बनियापुर व जलालपुर में तैयारी पूरी

बनियापुर की 25 तथा जलालपुर की 15 पंचायतों में प्रशासन की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था छपरा (सदर) : दो मई को जिले के बनियापुर तथा जलालपुर प्रखंडों में होनेवाले पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन […]

बनियापुर की 25 तथा जलालपुर की 15 पंचायतों में प्रशासन की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
छपरा (सदर) : दो मई को जिले के बनियापुर तथा जलालपुर प्रखंडों में होनेवाले पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने दोनों प्रखंडों में दो सुपर जोन, दस जोन तथा 24 सेक्टर बना कर मतदान के दौरान पूरी चौकसी की व्यवस्था की है.
मतदान प्रात: सात बजे से अपराह्न पांच बजे तक होगा, जिसमें बनियापुर में एक लाख 89 हजार 473 तथा जलालपुर में एक लाख 20 हजार 686 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसके लिए बनियापुर में कुल 362 तथा जलालपुर में 332 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. वहीं बनियापुर में 10 चलंत मतदान केंद्र तथा जलालपुर में एक चलंत मतदान केंद्र बनाया गया है.
स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी बॉर्डर हुए सील : डीएम दीपक आनंद के अनुसार स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के लिए दोनों प्रखंडों के अंतरराजीय एवं अंतर जिला बॉर्डरों को सील कर दिया गया है एवं सघन वाहन चेकिंग करायी जा रही है.
डीएम ने प्रतिनियुक्त सभी स्तर के दंडाधिकारियों को आदेश दिया है कि प्रत्याशी द्वारा किसी भी वाहन का मतदाताओं को मतदान केंद्र पर वोट दिलाने के लिए ले जाने के लिए एवं लाने के लिए उपयोग नहीं किया जायेगा. वहीं विधि व्यवस्था पर प्रभावकारी नियंत्रण रखने एवं अनुश्रवण हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06152-231022 है. इसके अलावा अनुमंडल स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है.
बनियापुर व जलालपुर के कई बूथों के मतदान कर्मी भयभीत : प्रशासन के द्वारा दोनों प्रखंडों में शांतिपूर्ण निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के दावे किये जा रहे हैं. परंतु, मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की कमी व पंचायत प्रतिनिधि के विभिन्न पदों पर दबंग व बाहुबली एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों या उनके परिजनों की दावेदारी के कारण मतदान के दौरान विभिन्न बूथों पर उम्मीदवारों या उनके समर्थकों के द्वारा दबंगई किये जाने के कारण अप्रिय हादसे को लेकर भयभीत हैं.
मतदान कर्मियों में अब तक बीते दो चरणों में इस बात को लेकर चर्चाएं हैं कि एक तो बूथों पर भी पर्याप्त बुनियादी जरूरतें नहीं मिल रही हैं यथा अधिकतर केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, रोशनी आदि की सुविधा इस भीषण गरमी में नहीं है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर भी बूथों पर खास व्यवस्था नहीं होने के कारण मतदान कर्मियों में अपनी सुरक्षा को लेकर भय व्याप्त है.
डीएम के अनुसार सभी सेक्टर एवं जोनल दंडाधिकारियों, गश्ती सह मतपेटिका संग्रह दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करेंगे कि सभी मतदाताओं को बिना किसी भय या दवाब के मतदान का पर्याप्त अवसर मिल रहा है. यदि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को कहीं से किसी दबंग व्यक्ति द्वारा मतदाताओं का डराने या धमकाने की सूचना मिलती है तो वे व्यक्तियों को हिरासत में लेकर बेहिचक कानूनी कार्रवाई करें.
प्रशासनिक तयारी पूरी : मतदान के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से प्रशासन सख्ती के साथ निबटेगा. जिसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है. आरओ सह बीडीओ अमित कुमार पांडेय ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ माहौल में मतदान करने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है.
कुल 362 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिसमें 10 सहायक बूथ भी शामिल हैं. मतदान केंद्र संख्या 181 शिक्षक सदन बनियापुर को मॉडल बूथ बनाया गया है, जहां मतदान की वेबकाॅस्टिंग भी करायी जायेगी. 25 पंचायत के लिए छह पदों पर होने वाले पंचायत चुनाव में कुल 1926 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 189473 मतदाता करेंगे, जिसमे 102512 पुरुष मतदाता शामिल है. वहीं 86961 महिला मतदाता हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >