पोस्टमार्टम नहीं होने से लोगों ने जाम की सड़क

छपरा (सारण) : पोस्टमार्टम नहीं होने से नाराज नागरिकों ने सदर अस्पताल में जम कर हंगामा किया और अस्पताल चौक के पास मुख्य सड़क पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया. कुएं में डूबने से शुक्रवार की रात मरे एक बालक तथा एक युवक का शव लेकर पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों को जब यह मालूम […]

छपरा (सारण) : पोस्टमार्टम नहीं होने से नाराज नागरिकों ने सदर अस्पताल में जम कर हंगामा किया और अस्पताल चौक के पास मुख्य सड़क पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया. कुएं में डूबने से शुक्रवार की रात मरे एक बालक तथा एक युवक का शव लेकर पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों को जब यह मालूम हुआ कि पोस्टमार्टम करनेवाला कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर है.
इस वजह से पोस्टमार्टम नहीं होगा. यह सुनते ही मृतकों के परिजन तथा आम नागरिक आक्रोशित हो गये और हंगामा करने लगे. हंगामा कर रहे लोगों ने अस्पताल से निकल कर मुख्य सड़क पर आगजनी कर रोड को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना पाकर भगवान बाजार थानाध्यक्ष महेश प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और हस्तक्षेप कर सड़क जाम हटवाया. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने सिविल सर्जन को इसकी जानकारी दी. सिविल सर्जन ने डीएम से बात की.
डीएम के निर्देश पर पोस्टमार्टम कर्मी को पंचायत चुनाव की ड्यूटी से मुक्त कर अस्पताल भेजा गया तब जाकर पोस्टमार्टम हो सका. शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मामला शांत हुआ. बताते चलें कि नगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी रौजा मुहल्ले में शुक्रवार की रात कुएं में डूबने से एक किशोर तथा एक युवक की मौत हो गयी थी. रात से ही सदर अस्पताल में शव पड़े थे. सुबह 11 बजे तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका. इस वजह से मृतकों के परिजन और नागरिक आक्रोशित हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >