मकेर : थाने के फुलवरिया पंचायत चैनपुर गांव के वकील ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र विक्रमा ठाकुर की रविवार की देर रात की गयी हत्या मामले में मृतक की मां गिरिजा देवी ने स्थानीय थाने में सुरेश सिंह के पुत्र सुमन सिंह एवं रमेश सिंह के पुत्र रवि सिंह को नामजद करते हुए पुराने विवाद को लेकर रात में खेत में ले जाकर अपने पुत्र की गरदन रेत कर हत्या करने का आरोप लगाया है.
पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए चैनपुर गांव से नामजद सुमन सिंह को गिरफ्तार करने में सफल रही. थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि उक्त मामले में दो नामजद सुमन सिंह एवं रवि सिंह में सुमन सिंह को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया. वहीं, दूसरे आरोपित रवि सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
