गोरौल : बरात आयी, सिंदूरदान सहित अन्य रश्में भी पूरी कर ली गयीं. जब लड़की की विदाई की बातें आयीं तो, लड़की पक्ष ने अपनी लड़की को विदाई करने से इनकार कर दिया. क्योंकि विदाई के समय ही लड़के को मिरगी आ गयी और वह बेहोश हो गया. बताया गया कि गोरौल थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव के अनिरुद्ध साह के यहां रविवार को लालगंज थाना क्षेत्र के पुरखौली गांव निवासी हरिहर साह के पुत्र अर्जुन साह की बरात आयी. बरातियों का सेवा सत्कार जमकर किया गया.
दूल्हा बन कर आये अर्जुन साह ने शादी की हर रश्में भी पूरी कर लीं. हालांकि सिंदूरदान से पूर्व भी एक बार लड़के को मिरगी का दौरा आ गया और वह बेहोश हो गया. किसी तरह लड़के को होश में लाया गया, तो उस समय यह कह कर बात को टाल दिया गया कि ब्लड प्रेशर के कारण ऐसा हुआ है. सभी अपने कार्य में लग गये और सिंदूरदान हो गया. जब बरातियों की विदाई एवं लड़के-लड़की की विदाई की बात आयी तो बरात को तो विदा कर दिया गया और इसी क्रम में पुन: लड़के को फिर मिरगी का दौरा आ गया और वह बेहोश हो गया. इस घटना को देख लड़की पक्ष के लोग चिंतित हो गये और स्पष्ट शब्दों में कह डाला कि मैं अपनी लड़की को मिरगी आने वाले लड़के के साथ विदा नहीं करेंगे.
लड़के पक्ष ने इसके लिए गांव के लोगों को जुटा कर पंचायती तक करायी. बात नहीं बनी तो स्थानीय पुलिस को बुलाया गया. फिर भी मामला नहीं बना तो पंचायत के माध्यम से लड़की पक्ष के सारे खर्च को दिलवाने की बात आयी, लेकिन लड़की की विदाई नहीं हो सकी.
